सोशल संवाद / नई दिल्ली : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार कटघरे में खड़ा कर रहे लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि वह किसानों के मुद्दे पर सच्चाई रखते रहेंगे, चाहे उनके खिलाफ केस दर्ज किए जाएं या विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाया जाए। उन्होंने दोहराया कि वह भारत के किसानों के साथ खड़े हैं और एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे।
यह भी पढे : कांग्रेस अध्यक्ष ने ओडिशा के आंगनवाड़ी केंद्र में जातिगत भेदभाव पर जताई चिंता
अपने वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा है कि किसान विरोधी नरेंद्र मोदी ने देश के किसानों के हितों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाथों बेच दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के जरिए कपास, सोयाबीन, मक्का, सेब और फल उत्पादक किसानों को नुकसान पहुंचाया गया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दोहराया कि किसान हिंदुस्तान की नींव हैं और देश की खाद्य सुरक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ने संघर्ष किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारी खाद्य सुरक्षा और किसानों को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से विदेशी ताकतें भारत के कृषि बाजार पर कब्जा करने की कोशिश कर रही थीं और अब प्रधानमंत्री मोदी ने उनके लिए दरवाजा खोल दिया है। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नरेंद्र मोदी की लगाम पकड़ी हुई है।
राहुल गांधी ने कहा कि मक्का, कपास, सोयाबीन और फल तो सिर्फ शुरुआत है; आने वाले समय में पूरे कृषि बाजार को अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों और विदेशी ताकतों के लिए खोला जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि नरेंद्र मोदी पहले भी काले कृषि कानून लाए थे।
अमेरिका का उदाहरण देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि वहां के किसान हजारों एकड़ में मशीनीकृत व्यवस्था और भारी सरकारी सब्सिडी के दम पर खेती करते हैं। इसके विपरीत, भारत में बेहद कम कृषि भूमि वाले किसान हैं, जिन्हें उचित एमएसपी और संसाधन नहीं मिलते। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूरी कांग्रेस पार्टी व कार्यकर्ता किसानों के समर्थन में खड़े हैं और इस अन्याय को नहीं होने देंगे।










