सोशल संवाद/डेस्क: निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Ramayana‘ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म के विशेष कार्यक्रम के दौरान अभिनेता यश ने इसे केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि “भारत का ड्रीम प्रोजेक्ट” बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम की कथा को वैश्विक स्तर पर भव्य रूप में प्रस्तुत करना है।
यह भी पढे : Ramayana में हनुमान बनना आसान नहीं था, बोले सनी देओल- पूरी श्रद्धा और ईमानदारी से निभा रहा हूं किरदार
यश, जो फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे हैं, ने अपने सह-कलाकार रणबीर कपूर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रणबीर ने भगवान राम के किरदार के लिए पूरी तरह खुद को समर्पित कर दिया है। उनके अनुसार, रणबीर ने इस भूमिका को निभाने के लिए गहन तैयारी की है और अपने अभिनय में पूरी निष्ठा दिखाई है।
यश ने फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी की भी सराहना करते हुए कहा कि पूरी टीम का एक ही लक्ष्य है—रामायण की अमर गाथा को दुनिया भर के दर्शकों तक भव्य और प्रभावशाली तरीके से पहुंचाना। उन्होंने अभिनेत्री साई पल्लवी को भी शानदार कलाकार बताते हुए कहा कि उनके साथ काम करना एक बेहतरीन अनुभव रहा।
कार्यक्रम के दौरान यश ने हिंदी में संबोधन भी दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें हिंदी सीखने का भी अवसर मिला। उनका यह अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया।
बता दें कि ‘Ramayana’ भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।









