सोशल संवाद / जुगसलाई : जुगसलाई नगर परिषद द्वारा क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान ने किया। इन योजनाओं के अंतर्गत पीसीसी सड़क, पेवर्स ब्लॉक पथ, आरसीसी नालियों तथा नालियों पर आरसीसी स्लैब का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन एवं जल निकासी की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
यह भी पढे : चाईबासा और खुंटपानी के विद्यालयों में खाद्य सुरक्षा जांच, दाल और चाऊमीन के नमूने लिए गए
जुगसलाई नगर परिषद के वार्ड संख्या 19 एवं 20 के सफीगंज मोहल्ले में टिलु शर्मा के घर से बेश लाल शर्मा के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पिंटू मिश्रा के घर के समीप पेवर्स ब्लॉक पथ का निर्माण भी कराया जाएगा। इस योजना पर 1 लाख 75 हजार 169 रुपये की लागत आएगी।
वार्ड संख्या 3 में श्रुति चौक के समीप केनरा बैंक एटीएम से सलीम की पान दुकान तक आरसीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना की स्वीकृत राशि 9 लाख 65 हजार 425 रुपये है। नाली निर्माण से क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के समाधान में सहायता मिलेगी।
वार्ड संख्या 1 स्थित गरीब नवाज कॉलोनी में विभिन्न स्थानों पर आरसीसी नाली का निर्माण किया जाएगा। इसके अंतर्गत ज़हरा खातून के घर से चाँद के घर तक, सुभान पान दुकान से अमजद के घर तक तथा बाबू खान के घर से नज़र आलम के घर तक नाली बनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त ईदगाह मैदान में शेरो के घर से ईदगाह मैदान तक नाली के ऊपर आरसीसी स्लैब का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना पर 9 लाख 31 हजार 819 रुपये व्यय किए जाएंगे।
वार्ड संख्या 8 के हिल व्यू क्षेत्र में कल्लू भाई के घर से हिल व्यू रोड तक तथा सगीर के घर से निजाम के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसी प्रकार एम.ई. स्कूल रोड में सेवा सदन से हिल व्यू चौक तक पीसीसी सड़क बनाई जाएगी। साथ ही हिल व्यू क्षेत्र में सलाम के घर से भोलू के घर तक पेवर्स ब्लॉक पथ का निर्माण भी कराया जाएगा। इस योजना की लागत 9 लाख 37 हजार 281 रुपये निर्धारित की गई है।
इस अवसर पर जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि इन विकास योजनाओं से न केवल सड़कों और जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि नागरिकों को दैनिक जीवन में आने वाली अनेक समस्याओं से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को उनकी रोजमर्रा की समस्याओं से मुक्ति दिलाना हमारा संकल्प है। नगर परिषद अध्यक्ष पद की शपथ लेने के साथ ही हमने स्वयं को क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। हमारी निरंतर कोशिश रहती है कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जुगसलाई को एक आदर्श नगर परिषद क्षेत्र के रूप में विकसित करना हमारा लक्ष्य है।स्थानीय नागरिकों ने इन योजनाओं का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएंगे, ताकि आम जनता को शीघ्र ही इनका लाभ प्राप्त हो सके।










