सोशल संवाद/जमशेदपुर: टाटा–अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) के कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के निर्णय को लेकर भाजपा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू के नेतृत्व में सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो से मुलाकात की।
यह भी पढे : जीएसटी घोटाला: जमशेदपुर के कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल बेटे समेत गिरफ्तार
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद नहीं करने और प्रस्तावित निर्णय पर पुनर्विचार कराने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि यह ट्रेन जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान को उत्तर भारत से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इसके परिचालन पर रोक लगने से हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, कामगारों, व्यवसायियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक फॉग-सेफ्टी उपकरण, उन्नत सिग्नलिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपायों के माध्यम से ट्रेन का परिचालन जारी रखने की संभावनाओं पर रेलवे स्तर पर विचार किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर–जम्मू तवी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी।
सांसद विद्युत वरण महतो ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने इस जनहित से जुड़े विषय पर रेलवे के उच्च अधिकारियों और संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री चंचल भाटिया, भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शिंदे, इंद्रजीत सिंह, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कामे, जगतार सिंह, हैप्पी सिंह, कुलवंत सिंह और कुलवंत सिंह काते सहित बड़ी संख्या में भाजपा सिख नेता, सिख समाज के गणमान्य लोग और युवा साथी उपस्थित रहे।











