सोशल संवाद / चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में NEET UG-2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
यह भी पढे : जमशेदपुर में चापड़ से हमला, दो सगे भाई गंभीर घायल; चार युवकों पर आरोप

21 जून को होगी परीक्षा, 960 अभ्यर्थी होंगे शामिल
बैठक में जानकारी दी गई कि NEET (UG)-2026 परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए जिला स्कूल, चाईबासा और मांगीलाल रुंगटा उच्च विद्यालय, चाईबासा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन दोनों केंद्रों पर कुल 960 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वास्थ्य सहायता, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा जाए।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की ट्रैफिक समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए।
NTA के सभी दिशा-निर्देशों का होगा पालन
बैठक में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को परीक्षा से पहले और परीक्षा दिवस तक शहर के लॉज, हॉस्टल और होटलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन और वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा गया।

निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और सुचारू संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभ्यर्थियों और अभिभावकों के लिए सुरक्षित, सकारात्मक और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










