सोशल संवाद / जमशेदपुर : साकची टेम्पो स्टैंड आधुनिकीकरण किया जाएगा। वहां बिजली और पानी का कनेक्शन भी दिया जाएगा। पेवर्स ब्लॉक बिछाया जाएगा। यूरिनल को तोड़कर फिर से उसे बनाया जाएगा। इस आशय का निर्णय अतिक्रमण को लेकर 8 जून को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया है।
ऑटो चालकों को गर्मी और बरसात से बचाने के लिए वहां शेड बनाया जाएगा और पंखा भी लगाया जाएगा। इसके अलावा कुछ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। इन सारे काम की जिम्मेदारी टाटा स्टील यूआईएसएल को सौंपी गई है।

कंपनी के जीएम को इसके संबंध में उपायुक्त ने निर्देशित किया है। हालांकि ऑटो एसोसिएशन को भी वहां पर किराया का सूचना पट्ट लगाना होगा। इसकी जवाबदेही ट्रैफिक डीएसपी को मिली है। निर्णय लिया गया कि साकची में ऑटो रिक्शा को बेतरतीब ढंग से लगाने की वजह से जाम की स्थिति पैदा होती है। इसके संबंध में ट्रैफिक डीएसपी को कहा गया था कि वे ऑटो रिक्शा एसोसिएशन साथ बैठक कर जोन वाइज ऑटो स्टैंड चिह्नित करें। टेम्पो चालकों के लिए भी निर्देश मिला है कि दायीं ओर से यात्रियों को चढ़ाने और उतारने पर पूरी तरह परहेज करें। दायीं ओर जाली या किसी अन्य सुरक्षित तरीके से बंद करने का निर्देश मिला है।
टास्क फोर्स में जुस्को जीएम व अक्षेस के डीएमसी शामिल
शहर में अतिक्रमण हटाने और यातायात प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन संयुक्त टास्क फोर्स गठित करेगा। जमशेदपुर में सड़कों के बढ़ते अतिक्रमण और यातायात प्रबंधन सफल नहीं होने से टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया है। इसमें टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक, जमशेदपुर अक्षेस के प्रतिनिधि और प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी शामिल होंगे।
टास्क फोर्स द्वारा प्रत्येक सप्ताह भ्रमण कर अतिक्रमण, यातायात नियमों के उल्लंघन सहित अन्य समस्याओं की
पहचान कर आवश्यक कार्रवाई और समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उपायुक्त की अध्यक्षता वाली सड़क सुरक्षा समिति ने इस आशय का निर्णय लिया है। बेतरतीब ढंग से हो रही पार्किंग पर भी जिला प्रशासन की नजर है। इसके मद्देनजर जुबली पार्क स्थित एम्युजमेंट पार्क के सामने पार्किंग स्थल पर खड़ी रहने वाली बसों को हटाने और इस क्षेत्र को अवरोध मुक्त करने की योजना बनी है।










