सोशल संवाद / डेस्क : Jharkhand के Saraikela जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग ने देर रात और तड़के सुबह जिले के अलग-अलग इलाकों में सघन जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की।

यह भी पढे : Saraikela Jail Checking : बकरीद से पहले मंडल कारा सरायकेला में सघन जांच, 14 वार्डों की ली गई तलाशी
NH-33 पर पकड़े गए लौह अयस्क से लदे वाहन
जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 की मध्यरात्रि में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा और चौका थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में चौका थाना क्षेत्र के Jamshedpur-Ranchi NH-33 पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान लौह अयस्क से लदे दो वाहन संख्या JH05DL1151 और NL01AF5867 को रोका गया। वाहन चालकों द्वारा वैध परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर चौका थाना में सुरक्षित रखा गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
22,500 घनफीट अवैध बालू जब्त
इसके बाद तड़के सुबह जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक और ईचागढ़ थाना प्रभारी की टीम ने स्वर्णरेखा नदी तट स्थित सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध खनन नहीं मिला, लेकिन अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 22,500 घनफीट बालू जब्त किया गया। प्रशासन ने जब्त बालू को सुरक्षार्थ सुपुर्द कर दिया है और जल्द इसकी ई-नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त
उपायुक्त ने साफ कहा है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा आगे भी लगातार जांच अभियान और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
जिले में बढ़ाई गई निगरानी
खनन विभाग ने बताया कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध खनन रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम समय-समय पर औचक निरीक्षण कर रही है।










