सोशल संवाद / जमशेदपुर : भगवान भोलेनाथ को समर्पित सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू हो रहा है। 3 अगस्त को सावन की पहली सोमवारी पड़ेगी। सावन के आगमन को लेकर शिवभक्तों में उत्साह का माहौल है। शहर के मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। कहीं रंग-रोगन का काम चल रहा है तो कहीं साफ-सफाई और सजावट की जा रही है।

यह भी पढे : टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में निकली बहाली
सावन को लेकर महिलाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रावण मास के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठन, विशेषकर महिलाओं से जुड़े संगठन, सावन उत्सव के आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं। मारवाड़ी महिला समाज, मारवाड़ी युवा मंच सुरभि शाखा, भूमिहार महिला समाज, क्षत्रिय समाज सहित कई महिला संगठन सावन मेला और सावन महोत्सव के आयोजन की तैयारी कर रहे हैं।
हरे रंग से सज गए बाजार
सावन का हरियाली और हरे रंग से गहरा संबंध माना जाता है। इसे देखते हुए शहर के बाजार भी हरे रंग में रंगने लगे हैं। दुकानों में हरे रंग की साड़ियां, सूट, चूड़ियां और अन्य श्रृंगार सामग्री की भरमार है। महिलाओं ने अभी से खरीदारी शुरू कर दी है। साकची बाजार में खरीदारी करने पहुंची राधा सिंह ने बताया कि सावन में हरी चूड़ियों और हरी साड़ी का विशेष महत्व होता है। उन्होंने बताया कि सावन महोत्सव के साथ-साथ जलाभिषेक के लिए भी हरे रंग के वस्त्र और पूजा सामग्री की खरीदारी की है।
क्विज, मॉडलिंग सहित होंगी कई प्रतियोगितियां
सावन के पहले सप्ताह से विभिन्न संगठनों की ओर से सावन महोत्सव की शुरुआत होगी। इसके लिए शहर के होटलों की बुकिंग की जा रही है। आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए लगातार बैठके भी आयोजित की जा रही हैं। सावन महोत्सव के दौरान सावन मेला, सावन क्वीन प्रतियोगिता, विवज, नृत्य, संगीत, मॉडलिंग सहित कई सांस्कृतिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
तुलसी भवन में राखी मेला 20 को
मारवाड़ी महिला मंच, जमशेदपुर शाखा की मासिक बैठक बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में हुई। इसमें तीन दिवसीय राखी मेले के पोस्टर का विमोचन किया गया। शाखा की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल और सचिव कंचन खीरवाल ने बताया कि वर्ष 20, 21 और 22 जुलाई को तुलसी भवन के एयरकडीशंड हॉल में भव्य राखी मेला लगेगा। मेले में विभिन्न प्रकार की राखियां, लड्डू गोपाल की पोशाके, गृह सज्जा सामग्री, हस्तनिर्मित पापड़-मंगोड़ी, अचार, मिठाइयां, उपहार आइटम और महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए कलात्मक व उपयोगी उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।










