सोशल संवाद/जमशेदपुर : टेल्को के हाई स्कूल गोपाबंधु विद्यापीठ में सोमवार को सावन महोत्सव का आयोजन विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं के बीच उत्साहपूर्वक हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी, उप प्राचार्य मंजू कुमारी एवं विद्यालय के शिक्षकों ने संयुक्त रूप से गोपाबंधु जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया।
यह भी पढे : Miss Universe India 2026: केरल की काज़िया लिज़ मेजो ने जीता ताज, जानें कौन हैं नई ब्यूटी क्वीन
इस अवसर पर प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें संस्कारों का बीजारोपण करना और उनकी सृजनशीलता एवं प्रतिभा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।सावन महोत्सव के अंतर्गत कक्षा एवं आयु वर्ग के अनुरूप विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए भाई-बहन की जोड़ी एवं वेशभूषा प्रतियोगिता, कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता तथा कक्षा 6 से 10 के विद्यार्थियों के लिए राखी निर्माण, मेहंदी सौंदर्य प्रतियोगिता, रक्षाबंधन विषय पर पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्राचार्य की ओर से बताया गया कि सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान की घोषणा रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व की जाएगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य मंजू कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिक्षक चितरंजन मोहंती, लड्डू केसर पटनायक, सुभाष चंद्र नायक, लक्ष्मीकांत गिरी, शिक्षिकाएं बी. पी. पति, सुनीता कुमारी, नीलम प्रभात, निकी श्वेता, पी. कामेश्वरी, कोनिका जाना अनु मिश्रा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









