सोशल संवाद / जमशेदपुर: सांसद बिद्युत बरण महतो के प्रयास से टाटानगर में वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे बोर्ड ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत टाटानगर में करीब ₹383.78 करोड़ की लागत से वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो का निर्माण किया जाएगा।
यह भी पढे : जमशेदपुर में बच्चों से भरी स्कूल वैन डिवाइडर से टकराई, 17 बच्चे घायल; 2 की हालत गंभीर
रेलवे बोर्ड की ओर से इस संबंध में सांसद बिद्युत बरण महतो को पत्र भेजकर जानकारी दी गई है। रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट सुमित कुमार द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में परियोजना की स्वीकृति की जानकारी दी गई है।
लंबे समय से डिपो निर्माण के लिए कर रहे थे प्रयास
सांसद बिद्युत बरण महतो लंबे समय से टाटानगर में वंदे भारत कोच डिपो के निर्माण की मांग को लेकर प्रयासरत थे। हाल ही में संपन्न संसद सत्र के दौरान उन्होंने इस मुद्दे को लेकर रेलवे बोर्ड के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी कई बार मुलाकात की थी।
सांसद ने रेलवे बोर्ड के समक्ष टाटानगर में चार अतिरिक्त रेलवे प्लेटफॉर्म के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा है।
रेलवे क्षेत्र में विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
स्वीकृति पत्र मिलने के बाद सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि टाटानगर और चक्रधरपुर रेल मंडल से जुड़ी मांगों को पूरा कराने के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रेलवे से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को भी रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सांसद ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो के निर्माण से टाटानगर रेलवे क्षेत्र में विकास की नई राह खुलेगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। परियोजना से विशेष रूप से चक्रधरपुर रेल मंडल के विकास को भी गति मिलने की बात कही गई है।










