सोशल संवाद / डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और आर्थिक परेशानियों को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के साथ नजर आ चुके अभिनेता ने अब अपने फैंस के लिए एक भावुक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने सभी का शुक्रिया अदा करते हुए जनवरी 2027 से दोबारा काम शुरू करने का ऐलान किया है। अभिनेता ने भरोसा दिलाया कि वह अपने चाहने वालों को कभी निराश नहीं करेंगे।
यह भी पढे : Sunny Deol Suryaa Movie Controversy: राजस्थान हाईकोर्ट का नोटिस, 3 दिन में जवाब; रिलीज टली
भावुक वीडियो में फैंस को कहा शुक्रिया
शरद कपूर ने अपने वीडियो संदेश में फैंस के प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी लोग इसी तरह अपना प्यार बनाए रखें। अभिनेता ने कहा, “मैं कभी आप लोगों को निराश नहीं करूंगा। जनवरी में मैं रॉकस्टार की तरह काम शुरू करूंगा।”
उनके इस बयान के बाद फैंस को उम्मीद है कि अभिनेता जल्द ही एक बार फिर फिल्मों में नजर आएंगे।
स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे हैं अभिनेता
शरद कपूर पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय उनके पैर में चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें चलने के लिए वॉकर का सहारा लेना पड़ा।
अभिनेता ने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम और सहयोग की अपील भी की थी। उन्होंने कहा था कि वह दोबारा अभिनय करना चाहते हैं और फिल्मों, टीवी तथा OTT प्लेटफॉर्म पर काम करने के लिए तैयार हैं।
चार पालतू कुत्तों से बिछड़ने पर भी हुए थे भावुक
हाल ही में शरद कपूर के चार पालतू कुत्तों को अस्थायी रूप से मुंबई के एनिमल वेलफेयर सेंटर YODA में शिफ्ट किया गया था। अभिनेता की शारीरिक परेशानियों और घर की परिस्थितियों के कारण उनकी देखभाल करना मुश्किल हो रहा था।
इस दौरान सामने आए वीडियो में शरद अपने पालतू कुत्तों से दूर होने पर भावुक नजर आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिस्थितियां बेहतर होने और नया घर मिलने के बाद वह अपने चारों कुत्तों को वापस ले आएंगे।
सोनू सूद और राहुल रॉय ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
शरद कपूर की मुश्किलों के बीच अभिनेता सोनू सूद और राहुल रॉय भी उनसे मिलने पहुंचे। दोनों कलाकारों की मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। इस दौरान शरद को फिल्म इंडस्ट्री से समर्थन मिलने की उम्मीद भी बढ़ी है।
‘जोश’ फिल्म से मिली थी पहचान
शरद कपूर को साल 2000 में आई फिल्म ‘जोश’ से खास पहचान मिली थी। इस फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान के साथ काम किया था। इसके अलावा वह ‘दस्तक’, ‘लक्ष्य’, ‘LOC कारगिल’, ‘जय हो’ और ‘हथियार’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।
अब जनवरी 2027 से काम पर लौटने के उनके ऐलान के बाद फैंस को उनके नए प्रोजेक्ट्स का इंतजार है।











