सोशल संवाद / जमशेदपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत होते ही घरों, गलियों और घाटों पर छठ गीतों की मधुर धुन सुनाई देने लगी है। छठ पूजा का जिक्र हो और बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की आवाज याद न आए, ऐसा शायद ही हो। भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गीतों ने छठ महापर्व के साथ ऐसा रिश्ता बना लिया है, जो पीढ़ियों तक कायम रहेगा।
यह भी पढे : Delhi Chhath Puja Holiday 2026: दिल्ली में 16 नवंबर को छठ पूजा की छुट्टी घोषित
शारदा सिन्हा के छठ गीतों में भक्ति, लोक परंपरा और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिलता है। यही वजह है कि नए भोजपुरी गानों के दौर में भी उनके पारंपरिक गीतों की लोकप्रियता कम नहीं हुई है। छठ के मौके पर आज भी उनके गीत घरों से लेकर पूजा घाटों तक खूब सुनाई देते हैं। आइए जानते हैं उनके पांच लोकप्रिय छठ गीतों के बारे में।
शारदा सिन्हा के 5 लोकप्रिय छठ गीत
1. हो दीनानाथ
छठ पूजा के सबसे लोकप्रिय गीतों में ‘हो दीनानाथ’ का नाम खास तौर पर लिया जाता है। इस गीत में भगवान सूर्य के प्रति श्रद्धा और भक्तों की आस्था का भाव झलकता है। छठ के दौरान यह गीत आज भी खूब सुनाई देता है।
2. पहिले पहिल छठि मैया
‘पहिले पहिल छठि मैया’ शारदा सिन्हा के उन गीतों में शामिल है, जो हर साल छठ के अवसर पर लोगों की जुबान पर रहते हैं। इसकी मधुर धुन और भक्ति भाव इसे खास बनाते हैं।
3. उठऊ सूरज, भइले बिहान
इस गीत की खासियत यह है कि शारदा सिन्हा ने इसे कंपोज करने के साथ इसके बोल तैयार करने में भी योगदान दिया था। सुबह के अर्घ्य और सूर्य उपासना के भाव को यह गीत खूबसूरती से प्रस्तुत करता है।
4. तोहे बड़का भैया हो
शारदा सिन्हा का यह गीत भी छठ के मौके पर काफी पसंद किया जाता है। इसकी लोक शैली और पारंपरिक अंदाज इसे दूसरे गीतों से अलग पहचान देते हैं।
5. छठी मैया अइतन आज
दो दशक से भी ज्यादा पुराना यह गीत आज भी छठ महापर्व के दौरान सुना जाता है। गीत की भक्ति और पारंपरिक मिठास श्रोताओं को छठ की पुरानी यादों से जोड़ देती है। Navbharat Live
शारदा सिन्हा के गीतों में बसती है छठ की परंपरा
शारदा सिन्हा को उनकी सुरीली आवाज और लोक संगीत में योगदान के लिए बिहार कोकिला के नाम से जाना जाता है। उन्होंने भोजपुरी और मैथिली सहित कई भाषाओं में लोकगीत गाए। उनके छठ गीत केवल संगीत नहीं, बल्कि बिहार और पूर्वांचल की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुके हैं।
आज भी जब छठ के घाटों पर उनके गीत गूंजते हैं, तो ऐसा लगता है मानो उनकी आवाज के जरिए पुरानी परंपराएं फिर जीवंत हो उठी हों। यही वजह है कि शारदा सिन्हा के गीतों का जादू नए दौर में भी बरकरार है।











