सोशल संवाद/डेस्क: आज गुदड़ी बाजार डेली मार्केट, चक्रधरपुर में सभी दुकानदारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजार से जुड़े विभिन्न मुद्दों, दुकानदारों की समस्याओं तथा नगर परिषद चुनाव के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अरशद जावेद द्वारा की गई तथा संरक्षक के रूप में मानव अधिकार कार्यकर्ता बैरम खान भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: डॉ. विजय सिंह गागराई के समर्थक के घर धमकी भरा पोस्टर, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विरोधियों पर लगाया आरोप
बैठक में यह तथ्य सामने आया कि गुदड़ी बाजार में लगभग 500 से अधिक छोटे-बड़े दुकानदार प्रतिदिन अपना व्यवसाय करते हैं। यदि इनके परिवारों को जोड़कर देखा जाए तो लगभग 3000 के करीब वोट इस बाजार से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद नगर परिषद चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों द्वारा गुदड़ी बाजार की समस्याओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर कोई स्पष्ट सोच या योजना सामने नहीं आई है, जो दुकानदारों के लिए चिंता का विषय है।
दुकानदारों ने बताया कि जब यह बाजार कृषि उत्पादन बाजार समिति के अधीन था, तब व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर थी और दुकानदारों को राहत मिलती थी। उस समय लगभग ₹1 लाख के आसपास टेंडर होता था, जबकि वर्तमान में नगर परिषद के अधीन आने के बाद कई लाख रुपये का टेंडर किया जा रहा है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं दिखाई देती। बाजार में समुचित रोशनी, नाली एवं सफाई की व्यवस्था का अभाव है, जिसके कारण दुकानदारों को शाम 5 बजे के बाद दुकान बंद करनी पड़ती है, जबकि बाजार स्वाभाविक रूप से रात 9 बजे तक चल सकता है।
दुकानदारों ने यह भी बताया कि उन पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। बाजार में दो बार आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे कई दुकानदारों का भारी नुकसान हुआ, लेकिन उनकी सुधि लेने वाला कोई नहीं आया। आज भी कई लोग अपने बलबूते संघर्ष कर रहे हैं। न्यायालय द्वारा पूर्व में दुकानदारों को राहत भी दी गई थी, फिर भी दुकानदारों के मन में यह डर बना हुआ है कि कहीं उन्हें उजाड़ने की कोई मुहिम न चलाई जाए।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि दुकानदार समाज अब संगठित होकर अपनी बात प्रत्याशियों के सामने रखेगा। इसके लिए 10 सदस्यों की एक डेलिगेट टीम का गठन किया गया है, जो नगर परिषद चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों से मिलकर दुकानदारों की समस्याओं, मांगों और भविष्य की सुरक्षा को लेकर वार्तालाप करेगी।
इस डेलिगेट टीम में शामिल सदस्यों के नाम निम्न हैं:मोहम्मद मुजीब, कमल केसरी, बबलू, शाहनवाज, इकरामुल हक, मोहम्मद तबरेज, बैरम खान, सूर्या सहित कुल 10 सदस्य।
दुकानदारों ने एक स्वर में कहा कि यह टीम दुकानदारों की ओर से बातचीत कर अंतिम निर्णय लेगी। जो प्रत्याशी गुदड़ी बाजार के दुकानदारों की समस्याओं को समझेगा, उनके हितों की रक्षा का लिखित आश्वासन देगा और उनके मांग पत्र पर सहमति प्रदान करेगा, दुकानदार समाज उसी के साथ खड़ा होगा।
दुकानदारों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि अपने रोजगार, सुरक्षा और भविष्य को सुरक्षित करना है। गुदड़ी बाजार सैकड़ों परिवारों की जीवनरेखा है, इसलिए इसके विकास, सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।










