सोशल संवाद / चाईबासा: विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को लेकर अपर उपायुक्त सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एआरओ), मझगांव विधानसभा क्षेत्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम और मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
यह भी पढे : जमशेदपुर रेलवे की बड़ी लापरवाही, एक ही RAC बर्थ पर महिला और पुरुष यात्री का आरक्षण
बैठक के दौरान बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं अन्य त्रुटियों के संबंध में दावा और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। सभी दावों और आपत्तियों के सत्यापन एवं निष्पादन के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
अपर उपायुक्त सह एआरओ ने जानकारी दी कि 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में प्रपत्र-6, 7 और 8 के माध्यम से नए मतदाता का नाम जोड़ने, नाम हटाने, संशोधन और स्थानांतरण से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत संबंधित अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। वहीं, 15 अगस्त 2026 को पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन कर लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई। उनसे कहा गया कि वे पात्र मतदाताओं को निर्धारित तिथियों पर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यक होने पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, नए पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रपत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर आवेदन करना होगा।
अपर उपायुक्त सह एआरओ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।









