सोशल संवाद / सरायकेला-खरसावां: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत निर्वाचन संबंधी कार्यों को गति देने के लिए अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-अपर सचिव सुबोध कुमार ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेगा हेल्प डेस्क कैंप, BLO-BLA-2 की चौथी बैठक और निर्वाचन पाठशाला में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदाता सूची की त्रुटियों में सुधार के लिए विशेष पहल करने का निर्देश दिया।
यह भी पढे : Delhi Internet Shutdown: इंटरनेट बंद होने पर कैसे चलाएं Google Maps? जानें BitChat ऐप की खासियत
ईचागढ़ विधानसभा के इन 5 मतदान केंद्रों का हुआ निरीक्षण
सुबोध कुमार ने सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 261, 262, 310, 318 और 319 का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची में नाम, पता समेत अन्य विवरणों में सुधार की प्रक्रिया की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और BLO-2 से निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही, मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।
फॉर्म-6 से नए मतदाताओं का होगा पंजीकरण
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार और संशोधन के लिए फॉर्म-8 के उपयोग के संबंध में भी नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
मेगा हेल्प डेस्क कैंप में सुनीं मतदाताओं की समस्याएं
सुबोध कुमार ने मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंप का निरीक्षण कर वहां मतदाताओं की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में मौजूद लोगों से बातचीत कर SIR-2026 के तहत चल रहे कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी फीडबैक प्राप्त किया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए। लोगों को उचित परामर्श और आवश्यक मार्गदर्शन देने के साथ प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई भी की जाए।
निर्वाचन पाठशाला में बच्चों को बताया मतदान का महत्व
निरीक्षण के दौरान सुबोध कुमार ने निर्वाचन पाठशाला में बच्चों के साथ सहभागिता की और वहां संचालित जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की प्रक्रिया, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं की भूमिका से अवगत कराया।
निर्वाचन पाठशाला के माध्यम से बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता जागरूकता की समझ विकसित करने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई।
नागरिकों से SIR-2026 में भाग लेने की अपील
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आम नागरिकों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने पात्र युवाओं से फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और विवरणों में सुधार की आवश्यकता होने पर फॉर्म-8 के जरिए आवेदन करने को कहा।
उन्होंने नागरिकों से अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंप का लाभ उठाने और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, संबंधित क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।











