सोशल संवाद/डेस्क : ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर बढ़ते दबाव के बीच पाकिस्तान ने बड़ा कदम उठाया है। शहबाज शरीफ की सरकार ने देशभर में ‘स्मार्ट लॉकडाउन’ जैसे सख्त प्रतिबंध लागू करने का ऐलान किया है, जो आज रात 8 बजे से प्रभावी हो जाएंगे।

ये भी पढे : Hormuz पर टकराव से अटकी ईरान-अमेरिका डील, ट्रंप ने टोल और ताकत दोनों का दिया संकेत
सरकार के इस फैसले के तहत पाकिस्तान के कई प्रमुख क्षेत्रों पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में बाजार, शॉपिंग मॉल और सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठान रात 8 बजे बंद कर दिए जाएंगे। यह निर्णय राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता खुद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने की।
बताया जा रहा है कि यह कदम ऊर्जा खपत को नियंत्रित करने और पेट्रोलियम उत्पादों की बचत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। दरअसल, Hormuz Strait में हालात बिगड़ने के कारण तेल और गैस की वैश्विक सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर पाकिस्तान जैसे आयात-निर्भर देशों पर पड़ा है।
हालांकि, कुछ क्षेत्रों में आंशिक राहत भी दी गई है। खैबर पख्तूनख्वा के संभागीय मुख्यालयों में बाजार रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। वहीं मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को इन प्रतिबंधों से पूरी तरह छूट दी गई है, ताकि आम लोगों को जरूरी दवाइयों की उपलब्धता में कोई बाधा न आए।
इसके अलावा, शादी-विवाह और अन्य सामाजिक समारोहों पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। बेकरी, रेस्टोरेंट, मैरिज हॉल और अन्य आयोजन स्थल रात 10 बजे के बाद बंद कर दिए जाएंगे। इतना ही नहीं, निजी घरों में भी रात 10 बजे के बाद शादी समारोह आयोजित करने पर रोक लगा दी गई है।
सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए कुछ सकारात्मक कदम भी उठाए हैं। गिलगित और मुजफ्फराबाद जैसे शहरों में एक महीने तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मुफ्त कर दिया गया है, ताकि लोगों पर आर्थिक बोझ कम हो सके। इस योजना का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला जरूरी था, लेकिन इसका असर आम जनजीवन और व्यापार पर भी पड़ेगा। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि ये प्रतिबंध कितने प्रभावी साबित होते हैं और क्या इससे ऊर्जा संकट पर काबू पाया जा सकेगा।









