सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) आदित्यपुर डिवीजन में बिजली के 35 हजार स्मार्ट मीटर लगवायेगा. इनमें से यहां 13.5 हजार स्मार्ट मीटर लगवाये जा चुके हैं. स्मार्ट मीटर को लेकर बिजली के उपभोक्ताओं में कई भ्रांतियां व्याप्त है. इन्हें दूर करने में विभाग लगा हुआ है.
यह भी पढ़ें: मंईयां योजना के एक साथ 5000 रुपये भेजे जायेंगे लाभुकों के खाते में
स्मार्ट मीटर वालों को भी मिलेगा सब्सिडी का लाभ : जेबीवीएनएल के विद्युत कार्यपालक अभियंता आदित्यपुर संदीप कुमार पासवान ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने पर भी झारखंड सरकार की ओर से दो सौ यूनिट फ्री बिजली की सब्सिडी मिलती है. बैंक अकाउंट डीएक्टिव होने से लाइन नहीं कटती है. सामान्य मीटर से अधिक बिल नहीं आता है. मोबाइल पर मैसेज, व्हाट्सएप व अन्य एप की सुविधा मिलती है.
प्री व पोस्ट पेड दोनों की है सुविधा
संदीप कुमार ने बताया कि बिजली का यह मीटर स्मार्ट है. इसमें बिजली बिल का भुगतान प्री पेड़ या पोस्ट पेड दोनों मोड में हो सकता है.
प्री पेड मोड अपनाने पर मिलती है 3% की छूट
स्मार्ट मीटर का प्री पेड मोड अपनाने से बिजली बिल पर तीन प्रतिशत की छूट मिलती है. स्मार्ट मीटर के और भी कई फायदे हैं. इसके माध्यम से घर के बिजली खर्च पर निगरानी कर सकते हैं. सुबह-शाम खर्च होने वाली बिजली की मात्रा की योजना बनाकर खर्च में कमी ला सकते हैं. बिना वजह जल रहे बल्ब या बिजली के पंखे आदि को बंद कर दो सौ यूनिट तक बिजली के खर्च को नियंत्रित रखा जा सकता है.









