Responsive Full Width Slider

मानगो के समग्र विकास की बनेगी रणनीति, मेयर सुधा गुप्ता ने पार्षदों के साथ की बैठक

By Riya Kumari

Published :

Follow
मानगो के समग्र विकास की बनेगी रणनीति, मेयर सुधा गुप्ता ने पार्षदों के साथ की बैठक

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक को लेकर मेयर सुधा गुप्ता ने वर्तमान पार्षदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मानगो के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और वार्ड स्तर की समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

यह भी पढे : 24 दिन के छात्र आंदोलन का असर: JSSC CGL परीक्षा रद्द, TDPL की भर्तियां भी होंगी निरस्त; CBI जांच तक आंदोलन जारी

हर वार्ड की समस्याओं को बोर्ड बैठक में उठाने पर जोर

बैठक के दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने सभी पार्षदों से उनके-अपने वार्ड की प्रमुख समस्याओं, विकास की जरूरतों और स्थानीय लोगों से मिले सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक में प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार की जाएगी।

सड़क, नाली, जलापूर्ति और स्ट्रीट लाइट पर चर्चा

बैठक में सड़क एवं नाली निर्माण, जलापूर्ति, जलजमाव और ड्रेनेज व्यवस्था, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, पार्क एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास, कचरा प्रबंधन और नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं और प्रस्तावित विकास कार्यों से संबंधित सुझाव भी रखे। मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति बनी।

विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर

मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो के विकास के लिए सभी पार्षदों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर लंबित योजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। साथ ही जनता के पैसों का उचित और प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाएगा।

‘विकसित मानगो, स्वच्छ मानगो’ का संकल्प

मेयर ने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक केवल औपचारिक बैठक नहीं होगी, बल्कि मानगो के विकास की स्पष्ट दिशा और कार्ययोजना तय करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।

उन्होंने पार्षदों से दलगत और व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर ‘विकसित मानगो, स्वच्छ मानगो और बेहतर मानगो’ के संकल्प के साथ काम करने की अपील की।

मेयर ने कहा, “पार्षद जनता और नगर निगम के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। हम सभी मिलकर काम करेंगे तो मानगो की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकते हैं।”

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---