सोशल संवाद / आदित्यपुर : टाटा स्टील फाउंडेशन के जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर द्वारा आदित्यपुर कम्युनिटी सेंटर में समर कैंप प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन सेरेमनी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समर कैंप में भाग लेने वाले बच्चों एवं युवाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन एवं खेल भावना को सम्मानित करना तथा उन्हें भविष्य में खेलों के प्रति निरंतर प्रेरित करना था।
यह भी पढे : लगातार तीसरी बार JGL चैंपियन बनी टाइगर नाइट्स, सडन-डेथ प्लेऑफ में ईगल आई को हराकर रचा इतिहास
यह समर कैंप 15 दिनों तक आयोजित किया गया, जिसमें जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर के विभिन्न कम्युनिटी सेंटरों में लगभग 2500 बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान योग, फुटबॉल, मार्शल आर्ट्स, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं ज़ुम्बा जैसी विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सी.सी. मेंबर रबिन्द्र नाथ चौबे थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सी.सी. मेंबर लखिन्दर कालुंडिया एवं अर्पणा सिन्हा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
समर कैंप के अंतर्गत आदित्यपुर कम्युनिटी सेंटर में 230 बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें फुटबॉल में 80, वॉलीबॉल में 100 तथा एथलेटिक्स में 50 प्रतिभागी शामिल रहे। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
समर कैंप के सफल संचालन में प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। फुटबॉल कोच भुगलू मार्डी, एथलेटिक्स कोच राजन कुमार एवं वॉलीबॉल कोच दीपक कुमार ने प्रतिभागियों को नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्रदान कर उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। उनके सतत प्रयासों से बच्चों में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में टाटा स्टील फाउंडेशन, जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर के मैनेजर अभिषेक कश्यप तथा एरिया ऑफिसर बिरधान मरांडी एवं नवीन चंद्र दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन, सहयोग एवं निरंतर प्रोत्साहन से समर कैंप का सफल संचालन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का प्रभावी आयोजन संभव हो सका। उनके नेतृत्व में खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास तथा समुदाय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने टाटा स्टील फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियाँ न केवल बच्चों की प्रतिभा को निखारती हैं, बल्कि उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करती हैं। साथ ही, समुदाय में खेल संस्कृति को मजबूत करने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में भी इन कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।










