सोशल संवाद / डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ (Suryaa: Ant Se Aarambh Tak) रिलीज से पहले कानूनी विवाद में फंस गई है। फिल्म को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने आपत्ति जताई है। इसके बाद राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच ने मामले में सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार, सेंसर बोर्ड (CBFC) और फिल्म से जुड़े लोगों को नोटिस जारी किया है। अदालत ने सभी संबंधित पक्षों से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
डॉक्टरों की छवि खराब करने का आरोप
दरअसल, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की राजस्थान इकाई ने फिल्म के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। संगठन का आरोप है कि फिल्म में डॉक्टरों और मेडिकल एसोसिएशन की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है।
IMA का कहना है कि फिल्म में डॉक्टरों को कमीशन के लिए काम करने वाला दिखाया गया है। इससे डॉक्टरों और मरीजों के बीच वर्षों से बने भरोसे पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। संगठन ने फिल्म के प्रदर्शन से पहले अपनी आपत्तियों पर विचार करने की मांग की है।
राजस्थान हाईकोर्ट ने क्या दिया आदेश?
जस्टिस समीर जैन की एकल पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड और फिल्म से जुड़े पक्षों को नोटिस जारी किया है।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से याचिका का विरोध किया गया। सरकार का कहना था कि याचिकाकर्ताओं ने फिल्म देखे बिना ही सवाल उठाए हैं। वहीं, सरकार ने भरोसा दिलाया कि विशेषज्ञ स्क्रीनिंग कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही सेंसर बोर्ड फिल्म के प्रमाणन पर फैसला करेगा।
अदालत ने स्पष्ट किया कि सेंसर प्रमाण पत्र मिलने से पहले फिल्म को सोशल मीडिया या किसी अन्य मंच पर प्रदर्शित नहीं किया जा सकता। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को निर्धारित की गई है।
20 नवंबर को रिलीज होनी थी फिल्म, अब टली
सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ पहले 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। लेकिन IMA के विरोध और कानूनी अड़चनों के कारण फिल्म की रिलीज प्रभावित हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को अब 2027 में रिलीज किया जा सकता है। 15 जनवरी 2027 की तारीख पर विचार किए जाने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से नई रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का हिंदी रीमेक है ‘सूर्या’
सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ साल 2018 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का हिंदी रीमेक है। खास बात यह है कि मूल फिल्म का निर्देशन करने वाले एम पद्मकुमार ही इसके हिंदी संस्करण का निर्देशन कर रहे हैं।
फिल्म में सनी देओल के अलावा रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, मनीष वाधवा और टिन्नू आनंद भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अब सभी की निगाहें 20 नवंबर को होने वाली हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि कानूनी विवाद के बीच सनी देओल की इस फिल्म की रिलीज को कब हरी झंडी मिलती है।











