सोशल संवाद / जमशेदपुर : शहर के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति के बीच जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर उनके समर्थकों और जनसुविधा प्रतिनिधियों ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया। प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन की भी व्यवस्था की गई।
यह भी पढे : संतारी में जहरीले सांप के डसने से दो बच्चों की मौत, इलाज में देरी बनी जानलेवा; गांव में पसरा मातम
शास्त्री नगर में एनडीआरएफ से कराया रेस्क्यू
जनसुविधा प्रतिनिधि (जेएनएसी) धर्मेंद्र प्रसाद मंगलवार देर रात तक शास्त्री नगर के ब्लॉक नंबर 1, 2, 3 और 5 में प्रभावित लोगों के बीच मौजूद रहे। इन इलाकों के कई घरों में पानी घुस गया था। उन्होंने एनडीआरएफ की टीम को सूचना देकर कुछ लोगों का रेस्क्यू कराया। इसके बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
मानगो के कई इलाकों में बांटा भोजन
मानगो मंडल के जनसुविधा प्रतिनिधि पिंटू सिंह ने शंकोसाई, श्याम नगर, गौड़ बस्ती, शांतिनगर और साईं आश्रम का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ वार्ड नंबर 10 के पार्षद जीतेंद्र साव भी मौजूद रहे। टीम ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ 100 पैकेट खिचड़ी और 350 पैकेट पूड़ी-सब्जी वितरित की।
सोनारी में सामुदायिक भवनों में ठहरने की व्यवस्था
जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने देर रात सोनारी के रुपनगर क्षेत्र का दौरा किया। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण वहां घरों में पानी घुसने की आशंका को देखते हुए उन्होंने रुपनगर के दो सामुदायिक भवनों में लोगों के ठहरने की व्यवस्था कराई। उन्होंने स्थानीय लोगों से पानी बढ़ने की स्थिति में तत्काल सामुदायिक भवनों में पहुंचने की अपील की।
कई इलाकों से हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे
जनसुविधा प्रतिनिधि पप्पू सिंह ने विधायक सरयू राय के साथ कुंअर बस्ती, शंकोसाई नंबर-1 और रामनगर समेत कई क्षेत्रों का दौरा किया। वहीं कदमा के रामनगर, हाड़गोदाम, रामजन्म नगर और शास्त्री नगर के विभिन्न ब्लॉकों से लोगों को सामुदायिक भवनों में पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों के लिए दोपहर और रात के भोजन की भी व्यवस्था की गई।
राहत कार्य में जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जनसुविधा प्रतिनिधि (हेल्थ) नीरज सिंह, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, रवि शंकर सिंह, विवेक कुमार और लालू रजक समेत कई लोगों ने सहयोग किया। खबर लिखे जाने तक प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू और राहत कार्य जारी था।









