Responsive Full Width Slider

झारखंड में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी; अस्पतालों में बनेंगे आइसोलेशन वार्ड

By Sharia Nasrah

Published :

Follow
झारखंड में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी; अस्पतालों में बनेंगे आइसोलेशन वार्ड

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड में स्वाइन फ्लू और मौसमी फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राज्य के सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने के साथ अस्पतालों को संदिग्ध और संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सिविल सर्जन और जिला सर्विलेंस अधिकारियों को संभावित मरीजों की पहचान, जांच, उपचार और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।

यह भी पढ़े : दिल्ली में H1N1 के 2,308 केस, सरकार ने बढ़ाई निगरानी, CM ने बुलाई इमरजेंसी बैठक

स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों की ओपीडी में इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (ILI) और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (SARI) वाले मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, बदन दर्द, उल्टी, डायरिया और ठंड लगने जैसे लक्षणों वाले मरीजों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

अस्पतालों में संक्रमित मरीजों के लिए कम से कम एक बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही पीपीई किट, एन-95 और ट्रिपल लेयर मास्क, जांच के लिए जरूरी किट, दवाएं, ऑक्सीजन उपकरण और वेंटिलेटर जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों को मास्क पहनने के निर्देश दिए हैं। लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने, खांसते और छींकते समय मुंह-नाक ढकने और हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखने की अपील की गई है। बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या दूसरी दवाएं लेने से भी बचने को कहा गया है।

रांची में भी स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक रांची में अब तक 24 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं बच्चों में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं और एक पांच महीने की बच्ची की हालत गंभीर बताई गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, पांच साल तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। गंभीर लक्षण, खासकर सांस लेने में परेशानी, होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग जिलों में सर्विलेंस बढ़ाकर स्थिति पर नजर रख रहा है। रिम्स रांची और एमजीएम जमशेदपुर में इन्फ्लुएंजा एच1एन1 और एच3एन2 की जांच की सुविधा भी उपलब्ध बताई गई है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट