सोशल संवाद / जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए कैंटीन से जुड़ी एक नई सुविधा शुरू होने की तैयारी है। अब कंपनी की कैंटीनों में दोपहर और रात के भोजन के साथ-साथ सुबह और शाम के नाश्ते की भी प्री-बुकिंग की व्यवस्था लागू की जा सकती है। इसके लिए कैंटीन मैनेजमेंट ने तैयारी शुरू कर दी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों को एक दिन पहले ही अपनी पसंद का नाश्ता बुक करने का विकल्प मिलेगा।
यह भी पढ़े : Jharkhand Weather: चक्रवात अर्णब का असर कमजोर, बारिश के बाद बढ़ी ठंड; रांची का पारा 7 डिग्री से ज्यादा गिरा
टाटा स्टील में फिलहाल 15 बड़े कैंटीन और 104 ट्रॉली प्वाइंट संचालित हैं। यहां प्रतिदिन करीब 15 हजार से अधिक स्थायी और ठेका कर्मचारी भोजन व नाश्ता करते हैं। अभी तक कर्मचारी कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से एक दिन पहले ही दोपहर और रात के भोजन की बुकिंग करते हैं। प्राप्त ऑर्डर के आधार पर ही कैंटीन में भोजन तैयार किया जाता है। उबले अंडे के लिए भी इसी तरह की व्यवस्था लागू है।
अब सुबह और शाम के नाश्ते की भी होगी बुकिंग
अब इसी व्यवस्था को सुबह और शाम के नाश्ते में भी लागू करने की तैयारी है। इसके तहत कर्मचारियों को एक दिन पहले बताना होगा कि वे अगले दिन नाश्ते में कौन-सा व्यंजन लेना चाहते हैं। इससे कैंटीन प्रबंधन को पहले से मांग का अनुमान मिल सकेगा और उसी के अनुसार नाश्ता तैयार किया जा सकेगा।
इस प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही सेंट्रल कैंटीन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक होने वाली है। बैठक में प्री-बुकिंग व्यवस्था के साथ-साथ नए व्यंजनों और उनकी कीमतों पर भी चर्चा की जाएगी।
कैंटीन के मेन्यू में जुड़ सकते हैं नए व्यंजन
कैंटीन के मेन्यू में ब्लैक कॉफी, झालमूड़ी और दलिया समेत कुछ नए व्यंजन शामिल करने की तैयारी है। इनकी दरें भी तय की जाएंगी। फिलहाल कैंटीन में इडली, उपमा, पूरी, मिक्सचर, स्वीट बन, सेव-बूंदी, चूड़ा-बादाम और प्याज पकौड़ा जैसे कई नाश्ते उपलब्ध कराए जाते हैं।
अचानक भीड़ के कारण खत्म हो जाता है नाश्ता
टाटा स्टील की कैंटीनों का संचालन मुख्य रूप से दो वेंडर शौर्या इन और CSS एजेंसी करती हैं। कंपनी में बड़ी संख्या में कर्मचारी दोपहर और रात का खाना घर से लाए गए टिफिन में खाते हैं, लेकिन सुबह और शाम के नाश्ते के लिए कैंटीन पर निर्भर रहते हैं।
कई बार अचानक कर्मचारियों की भीड़ बढ़ने से पसंदीदा नाश्ता खत्म हो जाता है। इस वजह से कर्मचारियों को मनपसंद व्यंजन नहीं मिल पाता और उन्हें परेशानी होती है।
इसी समस्या को दूर करने के लिए नाश्ते की प्री-बुकिंग व्यवस्था शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। इससे कैंटीन प्रबंधन को पहले से ऑर्डर की जानकारी मिलेगी और कर्मचारियों को उनकी पसंद का नाश्ता उपलब्ध कराने में आसानी होगी।










