सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर में टाटा स्टील कलर इंप्लाई यूनियन की नवगठित टीम को कंपनी प्रबंधन द्वारा औपचारिक मान्यता प्रदान कर दी गई। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों ने बेहतर औद्योगिक संबंध, कर्मचारियों के हित और कंपनी की प्रगति को लेकर मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही लंबित वेज रिवीजन प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
यह भी पढे : बंगाल में OBC आरक्षण 17% से घटकर 7% हुआ:अब 66 जातियां ही कोटे में रहेंगी
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधन की ओर से नई यूनियन टीम को शुभकामनाएं देते हुए कर्मचारियों और कंपनी के बीच सकारात्मक समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। यूनियन प्रतिनिधियों ने भी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ कंपनी के विकास में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष बिजय खाँ, महासचिव संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अभिषेक श्रीवास्तव, हुसैन ओला कादरी एवं पवन कुमार सिंह, संयुक्त सचिव आदित्य राज, सहायक सचिव प्रवीण कुमार राय सहित प्रियंका कुमारी, संतोष साहू, देव कुमार मिड्या और कृष्ण कुमार यादव मौजूद रहे।
वहीं प्रबंधन की तरफ से CHRO सुश्री नीना बहादुर, प्लांट हेड इंद्रनील बिस्वास, DGM HR & IR राजेश त्रिपाठी, DGM फाइनेंस पीयूष कुमार, प्रोक्योरमेंट हेड दुतीमान हाजरा, फाइनेंस हेड सुश्री विनीता अग्रवाल और HR मैनेजर सुश्री ऋचा पांडेय कार्यक्रम में शामिल हुए।
वेज रिवीजन जल्द पूरा करने की मांग
बैठक के दौरान यूनियन प्रतिनिधियों ने लंबित वेज रिवीजन को जल्द से जल्द पूरा करने का अनुरोध किया ताकि कर्मचारियों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके। यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की अपेक्षाओं और औद्योगिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए समय पर वेतन पुनरीक्षण बेहद जरूरी है।
सेफ्टी और प्रोडक्टिविटी पर विशेष जोर
कार्यक्रम में प्लांट हेड इंद्रनील बिस्वास ने कंपनी के सेफ्टी स्टैंडर्ड्स को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण के साथ बेहतर प्रदर्शन कंपनी की सफलता का आधार है।
इस पर यूनियन प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि कंपनी द्वारा तय सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उत्पादन और उत्पादकता के नए लक्ष्य हासिल करने में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय का संदेश
इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रबंधन और यूनियन दोनों ने यह संदेश दिया कि आपसी सहयोग, संवाद और विश्वास के जरिए कंपनी और कर्मचारियों के हितों को साथ लेकर आगे बढ़ाया जाएगा। नई यूनियन टीम से कर्मचारियों को बेहतर प्रतिनिधित्व और सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई जा रही है।










