सोशल संवाद / जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन अपने ‘मानसी’ कार्यक्रम के माध्यम से पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया नियंत्रण अभियान को मजबूत बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ सक्रिय साझेदारी निभा रहा है। फाउंडेशन पोटका, डुमरिया, घाटशिला, मुसाबनी, गोलमुरी-सह-जुगसलाई और बहरागोड़ा प्रखंडों में मलेरिया की रोकथाम, समय पर जांच और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
यह भी पढे : 13 करोड़ रुपये की 38 लंबित योजनाएं एक सप्ताह में शुरू कराएं, अपर नगर आयुक्त से बोले विधायक सरयू राय
फाउंडेशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की अध्यक्षता में आयोजित ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स (BLTF) की बैठकों और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) के नेतृत्व में होने वाली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठकों में भाग लेकर मलेरिया जांच शिविरों की योजना और संचालन में सहयोग दे रहे हैं। वहीं जिला स्तर पर टाटा स्टील फाउंडेशन सिविल सर्जन और जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
घर-घर जागरूकता अभियान से बढ़ी लोगों की भागीदारी
मानसी की टीम गांव-गांव और मोहल्लों में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को मलेरिया जांच शिविरों में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रही है। विशेष रूप से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक जांच सेवाएं पहुंच सकें।
64 शिविरों में 4,665 लोगों की जांच, 239 मरीज मिले संक्रमित
अब तक टाटा स्टील फाउंडेशन ने 72 सहियाओं के सहयोग से 64 मलेरिया जांच शिविरों के आयोजन में भागीदारी की है। इन शिविरों में 4,665 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें 239 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। सभी संक्रमित मरीजों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय पर इलाज शुरू कर दिया गया है।
बच्चों और ग्रामीण परिवारों पर विशेष फोकस
फाउंडेशन की टीम विशेष रूप से पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों और उनके परिवारों को जांच शिविरों तक लाने के लिए लगातार परामर्श और व्यक्तिगत संपर्क कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बैठकों के माध्यम से परिवार के पुरुष सदस्यों को भी अभियान में सहयोग और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन प्रयासों से समुदाय का सहयोग बढ़ा है और शिविरों के संचालन में बेहतर परिणाम मिले हैं।
मलेरिया जांच किट और मच्छरदानियों की उपलब्धता सुनिश्चित
मलेरिया जांच शिविरों के दौरान मानसी की टीम रैपिड डायग्नोस्टिक किट (RDK) की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखती है और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर समय पर किट उपलब्ध कराती है।
मलेरिया से बचाव के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन की ट्राइबल आइडेंटिटी टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में 100 मच्छरदानियों का वितरण किया है। इसके अलावा फाउंडेशन की पब्लिक हेल्थ टीम जल्द ही 500 अतिरिक्त मच्छरदानियां उपलब्ध कराएगी। क्षेत्र की जरूरत के अनुसार भविष्य में भी मच्छरदानियों का वितरण जारी रहेगा।
स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
मलेरिया नियंत्रण अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 8 जुलाई 2026 को बहरागोड़ा प्रखंड स्वास्थ्य विभाग ने मानसी ब्लॉक टीम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आधे दिन का उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें मलेरिया की पहचान, रोकथाम और उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
टाटा स्टील फाउंडेशन ने कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर समय पर मलेरिया की पहचान, उपचार, रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य करता रहेगा, ताकि पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के प्रकोप पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और लोगों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखा जा सके।










