Tata Steel UISL की ‘RELIFE’ पहल, पुरानी चीजों को मिलेगा नया जीवन; सफाई मित्रों से होगी शुरुआत

By Riya Kumari

Published :

Follow
Tata Steel UISL की ‘RELIFE’ पहल, पुरानी चीजों को मिलेगा नया जीवन; सफाई मित्रों से होगी शुरुआत

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर: घरों में पड़ी पुरानी किताबें, कपड़े, जूते, खिलौने और साइकिल अब किसी के काम आ सकेंगे। टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (Tata Steel UISL) ने अनुपयोगी घरेलू वस्तुओं को नया जीवन देने के लिए ‘RELIFE – आपकी अनुपयोगी वस्तुओं को नया जीवन’ पहल शुरू की है। इसके तहत वस्तुओं का पुनः उपयोग और मरम्मत कर कचरे को कम करने के साथ जरूरतमंद लोगों तक उपयोगी सामान पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़े : Jharkhand में पटाखे फोड़ने का समय तय, दिवाली पर रात 8 से 10 बजे तक ही मिलेगी अनुमति

Bistupur के RRR सेंटर में शुरू हुई पहल

यह पहल बिष्टुपुर में जी टाउन क्लब के निकट स्थित टाटा स्टील UISL के रिड्यूस, रीयूज एंड रिसाइकिल (RRR) सेंटर से शुरू की गई है। इसके तहत शहर के नागरिक अपने घरों में रखी ऐसी वस्तुएं दान कर सकेंगे, जो अब उनके इस्तेमाल में नहीं हैं, लेकिन उपयोग के योग्य हैं।

दान में मिले कपड़े, जूते-चप्पल, किताबें, खिलौने, साइकिल, बैग और अन्य घरेलू सामान की सफाई तथा जरूरी मरम्मत की जाएगी। इसके बाद इन्हें धुलाई और मरम्मत की लागत को ध्यान में रखते हुए बेहद मामूली कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा।

सफाई मित्रों से होगी शुरुआत

‘RELIFE’ पहल के पहले चरण में टाटा स्टील UISL के सफाई मित्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। जमशेदपुर को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाने वाले इन कर्मचारियों तक किफायती दरों पर उपयोगी वस्तुएं पहुंचाना इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

आगे चलकर इसका विस्तार आर्थिक रूप से कमजोर समुदायों और आसपास के गांवों तक करने की योजना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।

पुराने कपड़ों से बनेंगे जूते, दरी और कालीन

इस पहल के तहत पुनः उपयोग के योग्य नहीं रहने वाले कपड़ों और वस्त्रों को भी बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) की मदद से जूते, दरी, कालीन और बेडशीट जैसे उपयोगी उत्पादों में बदला जाएगा। इससे वस्त्रों के कचरे को कम करने और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।

किताबों से विकसित होगा सामुदायिक पुस्तकालय

‘RELIFE’ के तहत एकत्र की गई पुस्तकों से सामुदायिक पुस्तकालय विकसित किया जाएगा। यहां लोग नाममात्र की वापसी योग्य सुरक्षा राशि जमा करके किताबें निःशुल्क पढ़ने के लिए ले सकेंगे। इससे पुस्तकों का दोबारा इस्तेमाल बढ़ेगा और पढ़ने की सुविधा अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी।

नागरिकों से दान करने की अपील

टाटा स्टील UISL ने शहरवासियों से अपील की है कि वे घरों में रखी अनुपयोगी लेकिन इस्तेमाल के योग्य वस्तुओं को RRR सेंटर में दान करें। इस पहल के जरिए कंपनी पर्यावरण संरक्षण, जिम्मेदार उपभोग, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना चाहती है।

‘RELIFE’ का संदेश है— कम करें, पुनः उपयोग करें, पुनर्चक्रण करें, पुनर्स्थापित करें और फिर से जुड़ें।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version