सोशल संवाद / चक्रधरपुर : चक्रधरपुर में समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकी टीम बैरम खान पिछले सात वर्षों से लगातार जनहित एवं मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंद मरीजों की सहायता, रक्तदान एवं स्वास्थ्य जागरूकता, गरीब एवं असहाय परिवारों की मदद, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत कार्य, सामाजिक जागरूकता अभियान, पेयजल सेवा सहित अनेक जनकल्याणकारी गतिविधियों में टीम निरंतर अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। समाज के हर वर्ग तक बिना किसी भेदभाव के सहायता पहुंचाना ही टीम का मुख्य उद्देश्य है।
टीम बैरम खान की विशेष पहचान यह भी है कि यह चक्रधरपुर का पहला व्हाट्सएप ग्रुप है, जिसने सोशल मीडिया को केवल संवाद का माध्यम न बनाकर समाज सेवा का सशक्त मंच बनाया। टीम के समर्पित सदस्यों के सहयोग से लगातार जनहित के कार्य किए जा रहे हैं, जिसके कारण आज यह समूह लोगों के बीच विश्वास और सेवा का प्रतीक बन चुका है।
इसी क्रम में मोहर्रम के दौरान टीम बैरम खान की ओर से चक्रधरपुर में राहगीरों, अकीदतमंदों एवं आम नागरिकों के लिए नि:शुल्क शर्बत एवं शीतल पेयजल वितरण शिविर लगाया गया। सेवा शिविर में सैकड़ों लोगों ने शर्बत एवं ठंडा पानी ग्रहण किया। इस दौरान सभी धर्मों एवं समुदायों के लोगों ने इस सेवा का लाभ उठाया, जिससे आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का संदेश मजबूत हुआ।
टीम के सदस्यों ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन (रज़ि.) का जीवन सत्य, न्याय, त्याग, धैर्य और मानवता की सेवा का संदेश देता है। इन्हीं आदर्शों से प्रेरणा लेकर टीम बैरम खान समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य जारी रखेगी।
मोहर्रम के अवसर पर आयोजित इस सेवा शिविर का संचालन टीम बैरम खान द्वारा किया गया। पूरा कार्यक्रम टीम के सक्रिय सदस्य वसीम राजा की निगरानी एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में इकरामुल हक, मिंटू बादशाह, परवेज आलम, असद उस्मान, बैरम खान सहित टीम के सभी सक्रिय सदस्यों का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा। सभी स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
कार्यक्रम के अंत में टीम बैरम खान ने सभी सहयोगियों, स्थानीय नागरिकों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग और विश्वास से प्रेरित होकर टीम भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को और व्यापक स्तर पर जारी रखेगी।










