सोशल संवाद / जमशेदपुर : दीपावली को लेकर शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए युवाओं की भीड़ उमड़ने लगी है। मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और घरेलू उपयोग के सामान खरीदने बाजार पहुंचे युवा ऑनलाइन और ऑफलाइन के असमंजस में हैं। दोनों ही माध्यम ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक ऑफर्स दे रहे हैं। कहीं भारी छूट व कैशबैक है, तो कहीं स्क्रैच कार्ड और निश्चित उपहार मिल रहे हैं।
यह भी पढे : एमजीएम में कुर्सी पर इलाज, हंगामा
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर दिवाली सेल में उत्पादों पर भारी छूट, नो कॉस्ट ईएमआई और बैंक डिस्काउंट युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। घर बैठे विभिन्न कंपनियों के दाम व फीचर्स की तुलना की सुविधा भी मिल रही है। हालांकि, ऑनलाइन खरीदारी में सामान की गुणवत्ता और समय पर डिलीवरी को लेकर चिंता बनी हुई है। ऑर्डर की अधिकता से देरी और फोटो से अलग सामान मिलने का डर रहता है। दूसरी ओर, स्थानीय दुकानदार भी ग्राहकों को लुभाने में पीछे नहीं हैं।
वर्धमान जमशेदपुर के संचालक श्याम अग्रवाल ने बताया कि दुकानों पर छूट के साथ स्क्रैच कार्ड, एक्सचेंज ऑफर और आसान किस्तों की सुविधा दी जा रही है। ग्राहक दुकान में सामान देखकर उसकी गुणवत्ता परख सकते हैं तथा इंस्टॉलेशन व होम डिलीवरी की सेवा भी पा रहे हैं। युवा इस बात को लेकर सोच में हैं कि वे ऑनलाइन छूट चुनें या बाजार से सुरक्षित खरीदारी करें। खासकर मोबाइल, लैपटॉप व टीवी जैसे उत्पादों में युवा वारंटी और सर्विस सेंटर को तरजीह दे रहे हैं। व्यवसायी नितेश कुमार ने बताया कि केवल छूट की राशि नहीं, बल्कि उत्पाद की
वास्तविक कीमत, वारंटी, रिटर्न पॉलिसी और आफ्टर सेल्स सर्विस की सही तुलना करके ही किसी भी उत्पाद को खरीदने का अंतिम फैसला लेना चाहिए।
ऑनलाइन खरीदारी :
अलग-अलग कंपनियों की कीमतों की तुलना करने की सुविधा।
बैंक ऑफर और कैशबैक का लाभ।
सामान की होम डिलीवरी।
सामान की गुणवत्ता को लेकर आशंका।
रिटर्न और रिफंड में समय लगने की संभावना।
ऑफलाइन खरीदारी :
दुकानदार से सीधे मोलभाव की सुविधा मिलती है।
स्क्रैच कार्ड और गिफ्ट के ऑफर।
घर में सामान इंस्टॉल की सुविधा।
सामान को देखकर और परखकर खरीदारी कर सकते हैं।
तुरंत स्क्रैच कार्ड और कैशबैक का लाभ मिल जाता है।










