सोशल संवाद / नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के लिए पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद भी उपस्थित थे। इस पहल को दिल्ली के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह योजना दिल्लीवासियों को रूफटॉप सोलर पैनल के माध्यम से मुफ्त बिजली के साथ-साथ आय का अवसर भी प्रदान करेगी।
मीडिया को संबोधित करते हुए सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ दिल्ली में पिछले कुछ वर्षों से फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम की राजनीति के अंत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली को लेकर किए गए राजनीतिक दावों को दरकिनार करते हुए दिल्ली सरकार ने अपने वादे को पूरा किया है और साथ ही नागरिकों के लिए इसके लाभों का विस्तार भी किया है।
सूद ने कहा कि चुनाव से पहले यह भ्रामक प्रचार किया गया था कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो दिल्ली में मुफ्त बिजली योजना बंद कर दी जाएगी। उन्होंने कहा की हमने न केवल मुफ्त बिजली की योजना को जारी रखा है, बल्कि दिल्लीवासियों को अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाकर आय अर्जित करने का अवसर भी दिया है। इसके माध्यम से लोगों को मुफ्त बिजली के साथ-साथ लगभग ₹293 से ₹2,400 तक की आय का अवसर मिल सकता है और यह लाभ 25 वर्षों तक जारी रहेगा।
सूद ने कहा कि तकनीक आधारित यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ ऊर्जा और आर्थिक सशक्तिकरण के विजन को आगे बढ़ाती है।
उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्लीवासियों के लिए मुफ्त बिजली और अतिरिक्त आय—दोनों के अवसर उपलब्ध कराती है।
उन्होंने इसे उन लोगों के आरोपों का जवाब बताया, जिन्होंने भाजपा पर मुफ्त बिजली योजना को लेकर सवाल उठाए थे, और कहा कि यह प्रधानमंत्री की गारंटी को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत है।










