सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर में श्रावण मास के चौथे सोमवार को जंबू अखाड़ा की ओर से भव्य जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। 24 अगस्त 2026 को होने वाली इस यात्रा में 5001 महिला श्रद्धालु शामिल होंगी और जंबू अखाड़ा स्थित बाबा लिंगेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक करेंगी।
यह भी पढे : विश्वविद्यालय के फ्रेशर्स वीक के अंतिम दिन छात्रों ने सीखे तनावमुक्त जीवन के गुर
स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर मंदिर पहुंचेंगी महिलाएं
जंबू अखाड़ा के संरक्षक बंटी सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी चौथे सोमवार के अवसर पर भव्य कलश यात्रा आयोजित की जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं सुबह 7 बजे जंबू अखाड़ा परिसर पहुंचेंगी। यहां श्रद्धालुओं को कलश, पुष्प और बेलपत्र दिए जाएंगे।
इसके बाद सभी महिलाओं को बसों के माध्यम से स्वर्णरेखा नदी तट ले जाया जाएगा। यहां महिलाएं नदी से जल भरकर संकल्प लेंगी और फिर कलश लेकर पैदल यात्रा करते हुए मंदिर परिसर पहुंचेंगी।
इन इलाकों से शामिल होंगी श्रद्धालु
कलश यात्रा में भुइंयाडीह, नंद नगर, छाया नगर, कल्याण नगर, निर्मल नगर, बागुन्हातू, बारीडीह, बिरसानगर, जुगसलाई, नामदा बस्ती, केबुल टाउन, सीतारामडेरा, भालूबासा, बागान एरिया, बर्मामाइंस, परसुडीह, टेल्को, सोनारी और बागबेड़ा समेत कई इलाकों की महिलाएं शामिल होंगी।
झांकियों में दिखेगा भगवान शिव का अर्धनारीश्वर स्वरूप
यात्रा में डंका बाजा, सिंग बाजा, अनाउंसिंग वाहन और डीजे वाहन के साथ धार्मिक झांकियां भी शामिल होंगी। झांकी में भगवान शिव का अर्धनारीश्वर स्वरूप, भगवान राम द्वारा रामेश्वरम में शिव पूजन और भस्म आरती की प्रस्तुति दिखाई जाएगी।
इसके अलावा एक वाहन में जमशेदपुर की भजन गायिका श्रद्धालुओं के लिए भजनों की प्रस्तुति देंगी।
बाबा लिंगेश्वरनाथ का होगा जलाभिषेक
कलश यात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने के बाद सभी महिला श्रद्धालु बाबा लिंगेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक करेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटी की ओर से विशेष अरघा की व्यवस्था की गई है।
जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार, फलाहार और पैकिंग प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, शरबत और चाय की भी व्यवस्था की जाएगी।
सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था
आयोजकों के अनुसार यात्रा के दौरान प्राथमिक उपचार के लिए डॉक्टर जेके शर्मा मौजूद रहेंगे। साथ में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र भी रखा जाएगा। आयोजन में शहर के गणमान्य लोगों, समाजसेवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संरक्षक बंटी सिंह, लाइसेंसी रणबीर मंडल, अध्यक्ष बृज किशोर, अभिजीत घोष, गौतम धर, संजय गुप्ता, संजय हजारी, जगजीत सिंह सोनू, गोविंद सिंह चंदेल, विपुल पांडे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।









