सोशल संवाद / जमशेदपुर : जिले के निजी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार के तहत बीपीएल श्रेणी के बच्चों के लिए आरक्षित सीटों पर नामांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जिला शिक्षा विभाग इसी सप्ताह चयन के लिए लॉटरी आयोजित करेगा।
यह भी पढे : DDC रीना हांसदा शादी के बंधन में बंधीं, नेताओं ने दी शुभकामनाएं
डीएसई कार्यालय के अनुसार, इस वर्ष करीब 3300 आवेदन प्राप्त हुए हैं। 320 फॉर्म जांच के दौरान खारिज किए गए हैं। इनमें अधिकतर में जन्म या आय प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। विभाग ने स्क्रूटनी का काम लगभग पूरा कर लिया है। लॉटरी के बाद चयनित बच्चों की सूची जारी होगी। अभिभावकों को तय समय में संबंधित स्कूलों में जाकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
पिछड़ने की समस्या कम करने की पहल, फिर भी दो माह की देरी तय
हर साल बीपीएल श्रेणी के बच्चों का नामांकन देरी से होने के कारण वे पढ़ाई में पीछे रह जाते थे। इस बार विभाग ने प्रक्रिया को तेज करते हुए सत्र की शुरुआत के करीब ही एडमिशन पूरा करने की तैयारी की है, ताकि ये बच्चे अन्य बच्चों के साथ तालमेल बिठा सकें।
हालांकि प्रक्रिया में देरी के कारण आरक्षित श्रेणी के बच्चे इस बार भी करीब दो माह बाद ही स्कूल जा सकेंगे। सामान्य श्रेणी की कक्षाएं मार्च से शुरू हो चुकी हैं। लॉटरी के बाद भी एडमिशन में 10-15 दिन लगेंगे और तब तक ग्रीष्मावकाश शुरू हो जाएगा। ऐसे में इन बच्चों की पढ़ाई अवकाश के बाद ही शुरू होगी।









