सोशल संवाद / डेस्क : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन शनिवार को पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले के बिनपुर पहुंचे, जहां उनका आदिवासी समाज के हजारों लोगों ने भव्य स्वागत किया। वे यहां भारत जकात मांझी परगना महाल द्वारा आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
यह भी पढे : चाईबासा सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने बचाई मरीज की जान, गले में फंसी पूरी मछली को सफलतापूर्वक निकाला
कार्यक्रम स्थल पर बिनपुर के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक डॉ. प्रणत टुडू एवं मांझी परगना महाल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए चम्पाई सोरेन ने आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों की रक्षा करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने वर्षों के उत्पीड़न और चुनौतियों के बीच अपने संस्कारों, रूढ़िजन्य परंपराओं और सामाजिक पहचान को सुरक्षित रखने का रास्ता चुना है। उन्होंने जंगलमहल क्षेत्र की 40 में से 38 सीटों तथा राज्य की सभी 16 अनुसूचित जनजाति (ST) आरक्षित सीटों पर भाजपा को समर्थन देने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जंगलमहल क्षेत्र के सभी भाजपा विधायक जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और महापुरुषों जैसे वीर सिदो-कान्हू, बाबा तिलका मांझी तथा वीरांगना फूलो-झानो के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
चम्पाई सोरेन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताकर राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार के नेतृत्व में राज्य विकास और सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिनपुर के विधायक डॉ. प्रणत टुडू ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में चम्पाई सोरेन की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि उनका अनुभव, नेतृत्व और मार्गदर्शन आदिवासी समाज के लिए प्रेरणादायक है तथा समाज को उनके बताए मार्ग पर चलकर अपनी संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए कार्य करना चाहिए।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान चम्पाई सोरेन को आदिवासी बहुल जंगलमहल क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। चुनाव में भाजपा ने क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की और पहली बार राज्य में सरकार बनाने में सफल रही।









