सोशल संवाद/नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कर-कमलों द्वारा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष पद्म भूषण राम बहादुर राय की उपस्थिति में पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी जी एवं ‘भारत रत्न’ महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के चित्रों का सदन में अनावरण किया गया। इस विशिष्ट अवसर पर, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के रचनाकाल के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कॉफी टेबल बुक ‘भारत माता’ का विमोचन भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

ये भी पढे : बिहार में बुजुर्गों को बड़ी राहत, अब घर बैठे मिलेगी जांच और इलाज की सुविधा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली विधानसभा परिसर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी और भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के चित्रों का अनावरण तथा कॉफी टेबल बुक का विमोचन दिल्ली विधानसभा के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी अवसर है। उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति को सदन के लिए आत्मबल प्रदान करने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दोनों महान विभूतियां राष्ट्र प्रथम के संकल्प, ईमानदारी, दूरदर्शिता और जनकल्याण के प्रतीक हैं। सदन में स्थापित उनके चित्र आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा, सुशासन और मूल्य आधारित नेतृत्व की प्रेरणा देते रहेंगे।
उन्होंने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के शिक्षा, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय सहित अनेक संस्थानों की स्थापना उनके दूरदर्शी और मूल्य आधारित शिक्षा दृष्टिकोण का प्रमाण है। वहीं श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को एक युगपुरुष बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा रखी गई विकास और राष्ट्रीय एकता की नींव आज भारत के तेज़ विकास का आधार बन रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राष्ट्रीय गीत “वन्दे मातरम्” की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विमोचित कॉफी टेबल बुक ‘भारत माता’ भारतीय राष्ट्रीय चेतना की रचनात्मक और कलात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित है, जो विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और नीति-निर्माताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रसेवा में समर्पित महान विभूतियों को उचित सम्मान और पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन के अनुरूप दिल्ली सरकार भी राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महान विभूतियों के विचार और मूल्य सदैव देश को मार्गदर्शन देते रहेंगे और यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।










