सोशल संवाद/राँची : झारखंड की राजधानी रांची समेत खूंटी, लोहरदगा, गुमला और आसपास के जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली। शुक्रवार, शनिवार सुबह लोगों को तेज कनकनी और घने कोहरे का सामना करना पड़ा।

यह भी पढे : झारखंड मौसम अपडेट: ठंड में राहत, तापमान में हल्की बढ़ोतरी, बारिश की संभावना कम
हालात ऐसे रहे कि जहां गुरुवार तक एक स्वेटर से काम चल रहा था, वहीं शुक्रवार सुबह होते-होते दो स्वेटर के साथ शॉल और टोपी की भी जरूरत पड़ गई। सड़कों पर निकले लोग ठंड से बचने के लिए पूरी तरह ढंके नजर आए। कोहरे और धुंध के कारण सुबह के समय सूर्य की रोशनी भी फीकी रही, जिससे दृश्यता कम हो गई।
खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और सुबह टहलने वालों को ठंड ने खासा परेशान किया। मौसम में यह अचानक बदलाव हिमालय क्षेत्र में हो रही भारी बर्फबारी का असर माना जा रहा है, जिसका सीधा प्रभाव झारखंड के मौसम पर दिख रहा है।
पश्चिमी हवाओं से बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट
रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार हिमालय की ओर अच्छी खासी बर्फबारी हो रही है। वहां से चलने वाली पश्चिमी हवाएं अपने साथ ठंडी हवा झारखंड तक ला रही हैं। इसी वजह से सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है और दिन की शुरुआत ठंडी रहेगी। शाम होते-होते भी कनकनी महसूस की जाएगी। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि इससे पहले यह 11 से 12 डिग्री के बीच बना हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिन तक सुबह-शाम ठंड का असर बना रह सकता है।
जिलों में ज्यादा असर, AQI भी चिंता का विषय
आज के मौसम की बात करें तो पलामू और गुमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। वहीं रांची, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, गढ़वा और चतरा में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। झारखंड के मध्य जिलों में सुबह और शाम अच्छी कंकनी महसूस की जाएगी, जबकि अन्य जिलों में स्थिति सामान्य रह सकती है।










