सोशल संवाद / डेस्क : भाई दूज के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने विशेष इंतजाम किए हैं। बुधवार, 11 नवंबर 2026 को बहनों के घर आने-जाने वाले यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। डीटीसी ने सभी निर्धारित बसों को सड़क पर उतारने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है।
यह भी पढे : भोजपुरी सिनेमा को बचाने के लिए मल्टीप्लेक्स स्तर की फिल्में बनानी होंगी: गुंजन सिंह
सुबह 7:30 बजे से मिलेंगी अतिरिक्त बसें
डीटीसी के मुताबिक, त्योहार के दिन सुबह 7:30 बजे से प्रमुख बस अड्डों, टर्मिनलों और अधिक भीड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। शाम के व्यस्त समय में भी यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों की व्यवस्था की जाएगी।
CNG और इलेक्ट्रिक बसों का होगा नियमित संचालन
डीटीसी ने सभी निर्धारित सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी डिपो प्रबंधकों को पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है, ताकि किसी रूट पर बसों की कमी न हो।
बस अड्डों पर तैनात रहेंगे अतिरिक्त कर्मचारी
त्योहार के दौरान प्रमुख बस अड्डों और टर्मिनलों पर जांच कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधकों को बसों के संचालन पर निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार व्यवस्था में बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं को सहेली कार्ड से मिलेगी मुफ्त यात्रा
दिल्ली में महिलाएं भाई दूज के दिन भी अन्य दिनों की तरह अपने सहेली कार्ड के माध्यम से बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। डीटीसी का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।
डीटीसी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि प्रमुख मार्गों पर बसों की उपलब्धता बनी रहे और यात्रियों को अधिक इंतजार न करना पड़े।











