सोशल संवाद / जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र में सड़क और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में पथ निर्माण विभाग ने दो प्रमुख सड़कों के सामान्य मरम्मत कार्य के लिए अल्पकालीन निविदा आमंत्रित की है। पथ प्रमंडल, जमशेदपुर की ओर से जारी निविदा में मानगो-पारडीह पथ (एनएच-32 पार्ट) और मानगो ओल्ड पुलिया पथ को शामिल किया गया है। दोनों सड़कों की मरम्मत पर कुल 55 लाख रुपये खर्च होंगे।
यह भी पढ़े : स्टेशन का शौचालय गंदा मिला तो कार्रवाई
मानगो-पारडीह पथ के सामान्य मरम्मत कार्य के लिए 25 लाख रुपये और मानगो-ओल्ड पुलिया पथ के सामान्य मरम्मत कार्य (वर्ष 2026-27) के लिए 30 लाख रुपये की स्वीकृत राशि निर्धारित की गई है। दोनों कार्यों को 120 दिनों में पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है। मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो के लोगों को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
सड़कों की मरम्मत से स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया गया कि दोनों सड़कों की मरम्मत के लिए मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता लगातार प्रयासरत थे। चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के बाद मई में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था।










