---Advertisement---

भाजपा के राज में सनातनी व्रत के फलाहार भी मिलावटी, आज लगता है सही में हिन्दू खतरे में है- सौरभ भारद्वाज

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
भाजपा के राज में सनातनी व्रत के फलाहार भी मिलावटी

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / नई दिल्ली : भाजपा की चार इंजन की सरकार में मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से दिल्ली में सैकड़ों सनातनी हिंदू बीमार होकर अस्पताल पहुंच गए हैं। हिंदुओं के व्रत वाली खाद्य वस्तुओं में हो रही भारी मिलावट को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। “आप” के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा के राज में सनातनी व्रत के फलाहार में भी गंभीर मिलावट शुरू हो गई है।  आज लगता है कि सही में हिन्दू खतरे में है। सैकड़ों सनातनी हिंदू मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से बीमार हो गए हैं और अस्पतालों में सारी दवाइयां भी उपलब्ध नहीं हैं। उधर, “आप” विधायक संजीव झा ने अस्पताल का दौरा कर कुट्टू का आटा खाने से बीमार लोगों से मुलाकात की।

यह भी पढ़े : Bihar में 1799 पदों पर होंगी दरोगा की बहाली: 26 सितंबर से ऑनलाइन भरे जाएगे फॉर्म

सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया एक्स पर सीएम रेखा गुप्ता से कहा कि आपको डांडिया खेलने से फुर्सत मिल जाये तो इन अस्पतालों की सुध ज़रूर लीजिएगा। पुलिस आपकी, एमसीडी का हेल्थ लाइसेंस डिपार्टमेंट आपका , फ़ूड सेफ्टी विभाग आपका , ऊपर से नीचे तक सब आपकी भाजपा के आधीन है।

सौरभ भारद्वाज ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि दिल्ली में मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से सैकड़ों लोग बीमार हो गए। बाबू जगजीवन राम अस्पताल में सैकड़ों मरीज भर्ती हुए हैं। बुराड़ी अस्पताल में भी मरीज पहुंचे हैं। ज़रा सोचिए नवरात्रि के व्रतों में पवित्र माने जाने वाले भोजन में भी मिलावट हो रही है और चार इंजन वाली सरकार डांडिया खेलने में मग्न है।

उधर, बुराड़ी से “आप” विधायक संजीव झा ने जहांगीरपुरी इलाके के बाबू जगजीवन राम अस्पताल जाकर कुट्टू का आटा खाने से बीमार लोगों से मुलाकात करने के उपरांत कहा कि सोमवार को नवरात्रि का पहला व्रत था। जो लोग व्रत रख रहे है, उन्होंने रात को कुट्टू का आटा खाया और बीमार पड़ने लगे। 200 से ज्यादा लोग अस्पताल पहुंच चुके हैं। उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, ये लोग गंभीर रूप से बीमार नहीं है, न ही कोई बड़ा हादसा हुआ। लेकिन मिलावटी कुट्टू का आटा खाने लोगों का बीमार पड़ना गंभीर चिंता का विषय है।

संजीव झा ने कहा कि नवरात्रि का पवित्र पर्व नौ दिनों तक चलता है। इसके व्रत के आटे में मिलावट होना शर्मनाक है। दिल्ली में मिलावट करने वालों का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है। लेकिन सरकार बिल्कुल लापरवाह है। सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस बार बाढ़ में दिल्ली कहीं नहीं डूबी, कहीं पानी नहीं भरा। लेकिन जहांगीरपुरी और बाबू जगजीवन राम अस्पताल तक पानी में डूब गया था। दिल्ली की जनता को सोचना होगा उन्होंने  कैसी लापरवाह सरकार चुनी है। जनता संकट में थी, सरकार नहीं आई, यह एक बात है। लेकिन सरकार यह मानने को भी तैयार नहीं है कि जनता संकट में थी, बाढ़ में लोग परेशान रहे। सरकार केवल अपनी वाहवाही के लिए दिल्ली की जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। इससे बड़ी लापरवाही और क्या हो सकती है?

संजीव झा ने कहा कि अब व्रत की खाद्य वस्तुओं में भारी मिलावट हो रही है। इसका इस्तेमाल करने वाले सैकड़ों लोग बीमार होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं और सरकार का कोई अता-पता ही नहीं है। इससे पहले दिल्ली में कभी ऐसा नहीं देखा गया। क्या मिलावट करने वालों को सरकार का संरक्षण मिल रहा है? एक तरफ सरकार कहती है कि कहीं कोई मिलावट नहीं है और दूसरी तरफ मिलावट खोरों को संरक्षण भी दे रही है। भाजपा सरकार की इस लापरवाही का नुकसान जनता उठा रही है।

संजीव झा ने कहा कि पिछले एक महीने से भाजपा का एक भी मंत्री दिखाई नहीं दिया। व्रत की खाद्य वस्तुओं में हो रही मिलावट पर सरकार चुप है। अभी तक मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक किसी ने इसका संज्ञान नहीं किया। दिल्ली के लोग सरकार से इस मामले की जांच की उम्मीद करते है। सरकार तत्काल मिलावट खोरी को रोके। केवल कुट्टू के आटे में ही मिलावट नहीं हो रही है, मसालों और सब्जियों में भी मिलावट है। सब्जियों को रंग किया जा रहा है और लोगों को जहर परोसा जा रहा है। भाजपा सरकार कुंभकर्णी नींद से जागे और बताए कि मिलावट खोरों पर क्या कार्रवाई कर रही है?

वहीं, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भी भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने एक्स पर कहा कि दिल्ली में मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से सैकड़ों लोग बीमार पड़ गए हैं। भाजपा की चार इंजन सरकार ने नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की थाली तक ज़हर पहुंचने दिया। जहांगीरपुरी में कुट्टू का आटा खाने से 150 से ज्यादा लोग अस्पताल पहुंचे। सवाल ये है कि आखिर मिलावटी सामान दिल्ली के बाज़ारों में पहुंच कैसे रहा है और खाद्य सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---