सोशल संवाद / डेस्क : भारतीय रेलवे देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी में है। इस ट्रेन को नई दिल्ली और वाराणसी के बीच चलाने की योजना है। ट्रेन प्रयागराज और कानपुर होते हुए चलेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इसका ट्रायल इसी महीने शुरू होने की संभावना है और दीपावली से पहले सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढे : भूमिहार महिला समाज ने सरकारी स्कूलों में छात्राओं को बांटे सेनेटरी पैड, स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेगी स्लीपर वंदे भारत
नई स्लीपर वंदे भारत लंबी दूरी के यात्रियों के लिए रात में सफर का विकल्प देगी। प्रस्तावित रूट में नई दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी प्रमुख स्टेशन होंगे।
रिपोर्ट के अनुसार, वाराणसी से ट्रेन रात करीब 9:20 बजे रवाना होकर रात 10:45 बजे प्रयागराज पहुंच सकती है। इसके बाद ट्रेन करीब 12:35 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और सुबह करीब 5 बजे नई दिल्ली पहुंचने का संभावित समय बताया गया है।
वापसी में क्या होगी टाइमिंग?
वापसी दिशा में नई दिल्ली से ट्रेन के रात करीब 9:20 बजे रवाना होने और सुबह करीब 5 बजे वाराणसी पहुंचने की संभावना बताई गई है। हालांकि, रेलवे ने अभी इस ट्रेन का अंतिम टाइम टेबल आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया है।
160 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है रफ्तार
नई स्लीपर वंदे भारत को तेज गति के साथ लंबी दूरी की यात्रा के लिए तैयार किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक इसकी परिचालन गति 130 से 160 किमी प्रति घंटे के बीच हो सकती है। इससे दिल्ली, प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है।
16 कोच और 823 यात्रियों की क्षमता
प्रस्तावित ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इनमें 11 AC थ्री-टियर, 4 AC टू-टियर और 1 फर्स्ट AC कोच शामिल होंगे। ट्रेन में कुल करीब 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी।
अभी किराया और ट्रेन नंबर का ऐलान नहीं
रेलवे बोर्ड की ओर से अभी इस ट्रेन की ट्रेन संख्या, किराया और नियमित परिचालन की अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल सामने आई टाइमिंग और संचालन संबंधी जानकारी को संभावित शेड्यूल के तौर पर देखा जा रहा है।
पहली स्लीपर वंदे भारत कहां चल रही है?
भारतीय रेलवे की पहली वंदे भारत स्लीपर सेवा हावड़ा-कामाख्या रूट पर शुरू की गई थी। केंद्र सरकार के मार्च 2026 के आधिकारिक आंकड़ों में भी हावड़ा-कामाख्या स्लीपर सेवा का उल्लेख किया गया था।










