सोशल संवाद / डेस्क : तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। अभिनेता-राजनेता विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) सरकार बनाने के बेहद करीब पहुंचकर भी सत्ता से दूर रह गई। राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने स्पष्ट कर दिया कि बहुमत साबित किए बिना विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं दिलाई जाएगी।

यह भी पढे : एक्टर विजय का तमिलनाडु CM बनना तय:बहुमत के लिए 118 विधायक पूरे
बहुमत के आंकड़े में फंसी टीवीके
विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। विजय ने दावा किया था कि उन्हें 118 विधायकों का समर्थन हासिल है, जो सरकार गठन के लिए जरूरी संख्या है। हालांकि, राज्यपाल कार्यालय के सूत्रों के अनुसार टीवीके केवल 116 विधायकों के लिखित समर्थन पत्र ही पेश कर सकी।
राज्यपाल ने साफ कहा कि जब तक 118 विधायकों का लिखित समर्थन नहीं मिलेगा, तब तक सरकार बनाने का न्योता नहीं दिया जाएगा।
सहयोगी दलों ने खींचे हाथ
राजनीतिक समीकरण उस समय बदल गए जब दो संभावित सहयोगी दल आईयूएमएल और टीटीवी दिनाकरन की एएमएमके ने टीवीके को समर्थन देने से इनकार कर दिया। एएमएमके ने तो राज्यपाल को पत्र लिखकर एआईएडीएमके को सरकार बनाने का मौका देने की मांग भी कर दी।
इस घटनाक्रम के बाद विजय की सरकार गठन की कोशिशों को बड़ा झटका लगा।
कांग्रेस और वामदलों का मिला समर्थन
टीवीके को कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन मिला है। वहीं सीपीआई और सीपीएम ने बाहर से समर्थन देने का ऐलान किया है, हालांकि दोनों दल सरकार में शामिल नहीं होंगे। इसके बावजूद विजय बहुमत के जादुई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद बदला माहौल
शुक्रवार को विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद सहयोगी दलों के समर्थन वापस लेने से पूरा राजनीतिक समीकरण बदल गया।
राज्यपाल ने विजय को स्पष्ट संदेश दिया कि 113 या 116 विधायकों के सहारे स्थिर सरकार नहीं चलाई जा सकती।
टीवीके ने जताया भरोसा
टीवीके विधायक मैरी विल्सन ने कहा कि विजय भविष्य में भी मुख्यमंत्री बनेंगे और पार्टी को पूरा भरोसा है कि देर रात तक कोई सकारात्मक खबर आ सकती है। सूत्रों के मुताबिक अब टीवीके अदालत का रुख कर सकती है।
तमिलनाडु में बढ़ी राजनीतिक अनिश्चितता
राज्य में फिलहाल सरकार गठन को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। अब सबकी निगाहें राज्यपाल के अगले कदम और संभावित कानूनी लड़ाई पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में तमिलनाडु की राजनीति में नए गठबंधन और नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।









