सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के बाहर मंगलवार दोपहर छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढे : टाटा स्टील कलर्स के कर्मचारियों का वेतन 21,200 रुपये तक बढ़ा
जानकारी के अनुसार, पूरे विवाद की शुरुआत सोमवार को सातवीं और आठवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच हुई कहासुनी और हाथापाई से हुई थी। आरोप है कि अगले दिन सातवीं कक्षा के एक छात्र ने अपने समर्थन में कुछ बाहरी किशोरों को बुला लिया। मंगलवार को छुट्टी के बाद दोनों पक्ष स्कूल के बाहर भिड़ गए और विवाद बढ़ गया। इस दौरान एक छात्र खुद को बचाने के लिए स्कूल परिसर के अंदर भाग गया।
हंगामा बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित किया। लोगों ने दो किशोरों को पकड़कर बिरसानगर पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चापड़ और चाकू बरामद होने की जानकारी सामने आई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित छात्रों के साथ दोनों किशोरों को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाहरी किशोरों को किसने बुलाया और उनका छात्रों से क्या संबंध था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्कूल के बाहर हुई इस घटना ने छात्रों की सुरक्षा और स्कूलों के आसपास बाहरी तत्वों की मौजूदगी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।









