सोशल संवाद/डेस्क: शरीर में मौजूद हर पोषक तत्व बहुत मायने रखता है, और इन्हीं में से एक है Vitamin B12, जो मां और बच्चे दोनों के विकास में अहम भूमिका निभाता है। मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे सुंदर और भावनात्मक पल होता है। गर्भावस्था के दौरान एक महिला के शरीर में कई तरह के शारीरिक और हार्मोनल बदलाव आते हैं। इस समय न सिर्फ मां की सेहत, बल्कि गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत पर भी खास ध्यान देने की जरूरत होती है।
यह भी पढ़ें: 10 ग्राम सोना ₹1.19 लाख पार
एक्सपर्ट डॉ. पूजा रानी के मुताबिक, विटामिन B12 बच्चे के दिमाग और नसों के सही विकास के लिए बेहद जरूरी है। इसकी कमी से न सिर्फ बच्चे में न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं, बल्कि मां को भी थकान, कमजोरी, चक्कर आना और एनीमिया (खून की कमी) जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।
गर्भावस्था में क्यों जरूरी है Vitamin B12?
विटामिन B12 डीएनए बनाने, लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखने में मदद करता है। गर्भवती महिलाओं में इसकी कमी बच्चे में ब्रेन डेवलपमेंट की समस्या, जन्म दोष (birth defects) और कम वज़न जैसे जोखिम बढ़ा सकती है। इसलिए हर महिला को गर्भावस्था के दौरान इसकी पर्याप्त मात्रा लेनी चाहिए।
कमी के संकेत कैसे पहचानें?
डॉ. पूजा बताती हैं कि अगर गर्भवती महिला में B12 की कमी है, तो ये लक्षण दिखाई दे सकते हैं:
- लगातार थकान या कमजोरी महसूस होना
- चक्कर आना या सांस फूलना
- त्वचा का पीला पड़ना (pale skin)
- हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन
- मूड स्विंग्स या डिप्रेशन जैसे लक्षण
- अगर ये संकेत दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें और जांच कराएं।
कौन-से फूड्स से पूरी हो सकती है B12 की कमी?
डॉ. पूजा रानी के अनुसार, गर्भवती महिलाओं को रोज़ाना 2.6 माइक्रोग्राम विटामिन B12 की जरूरत होती है। इसे पूरा करने के लिए इन चीजों को डाइट में शामिल करें:
- दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स (दही, पनीर)
- अंडा, मछली, चिकन
- फोर्टिफाइड सीरियल्स या अनाज जिनमें विटामिन B12 जोड़ा गया हो
- डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट या इंजेक्शन
क्या शाकाहारी महिलाएं पूरी कर सकती हैं B12 की जरूरत?
डॉ. पूजा कहती हैं कि शाकाहारी भोजन में विटामिन B12 बहुत कम मात्रा में पाया जाता है। इसलिए जो महिलाएं pure vegetarian हैं, उन्हें डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट या इंजेक्शन लेना चाहिए, ताकि बच्चे के विकास पर कोई असर न पड़े।
कब और कैसे लेना चाहिए Vitamin B12?
इसे डॉक्टर के सुझाव के अनुसार सुबह खाली पेट या भोजन के बाद लिया जा सकता है। यदि शरीर में कमी अधिक हो, तो डॉक्टर टैबलेट या इंजेक्शन दोनों रूपों में विटामिन B12 दे सकते हैं। गर्भावस्था के दौरान स्वयं दवा या सप्लीमेंट लेना खतरनाक हो सकता है। किसी भी दवा या विटामिन सप्लीमेंट का सेवन करने से पहले गाइनेकोलॉजिस्ट या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह लेना जरूरी है।
“गर्भवती महिला की डाइट में हर पोषक तत्व होना चाहिए। अगर B12 की कमी है, तो इसे समय पर पूरा करना जरूरी है क्योंकि यह सीधे बच्चे के दिमाग और शरीर के विकास से जुड़ा होता है।” गर्भावस्था में विटामिन B12 की पर्याप्त मात्रा मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। सही खानपान, समय पर जांच और डॉक्टर की निगरानी में सप्लीमेंट लेने से इस कमी को आसानी से दूर किया जा सकता है।








