सोशल संवाद / जमशेदपुर : कई दौर की वार्ता के बाद आखिरकार टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौता बुधवार को होना तय हो गया है. अगर कोई दिक्कत हुई, तो गुरुवार को समझौता होगा. वहीं, सोमवार को अंतिम दौर की वार्ता सीएचआरओ स्तर के एचआरएम अधिकारियों के साथ हुई. इसमें टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह भी मौजूद रहे. दो राउंड में करीब 7 घंटे हुई मीटिंग के दौरान कई बातों को तय किया गया.
यह भी पढे : चाईबासा में नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान आयोजित, युवाओं ने नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
ओल्ड सीरीज का एमजीबी 10 फीसदी और एनएस ग्रेड का करीब 14 फीसदी होने की उम्मीद है. 7 साल का समझौता होगा. कर्मचारियों के एलाउंस में मोटे तौर पर करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी. एलाउंस के अलावा एनएस ग्रेड के एक ही ग्रेड पर रुके रहने के कारण होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई को रोकने के लिए एलाउंस अलग से देने पर भी सहमति बन गयी है.
400 से अधिक कर्मचारी पुत्रों की बहाली का खुल सकता है रास्ता
इस बार के समझौते के साथ ही कर्मचारियों के बच्चों के लिए बहाली भी निकाली जाये, क्योंकि काफी साल से सीधे तौर पर टाटा स्टील में बहाली नहीं हो पायी है. सूत्र के अनुसार, करीब 400 से अधिक कर्मचारियों के बच्चों की बहाली का रास्ता खुल सकता है. डीए प्रति प्वाइंट का मसला पहले सीपीओ के स्तर पर, फिर बुधवार को एमडी के स्तर पर बातचीत होगी. यह तय हुआ है कि जितने भी पदाधिकारी टाटा वर्कर्स यूनियन के हैं, उनको एग्रीमेंट की कॉपी दो से तीन घंटे पहले दे दी जायेगी, ताकि वे सही तरीके से पढ़ लें.
मांगें पूरी नहीं होने पर विरोध… एनएस ग्रेड के 30 कमेटी मेंबर ने दिया सामूहिक इस्तीफा
टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौता में मांगें पूरी नहीं होने का हवाला देकर एनएस ग्रेड के 30 कमेटी मेंबर ने सामूहिक तौर पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया. अध्यक्ष का इस्तीफा सौंप कर मांगों की अनदेखी की बात कही. दरअसल, एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों की मांग है कि एनएस ग्रेड के कर्मचारियों का डीए प्रति प्वाइंट 6 रुपये की जाए, एमजीबी न्यूनतम 30 फीसदी सुनिश्चित किया जाए और वार्षिक वेतन वृद्धि (एनुअल इन्क्रीमेंट) बेसिक स्लैब के अनुसार 3 फीसदी दी जाए.
एनएस ग्रेड के डीए प्रति प्वाइंट की बढ़ोतरी से इनकार
मीटिंग में एनएस ग्रेड के डीए प्रति प्वाइंट की बढ़ोतरी करने से अधिकारियों ने फिलहाल इनकार कर दिया है. यह तय हुआ कि अब चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल के स्तर पर वार्ता होगी. इसमें बचे हुए मुद्दे पर बातचीत की जायेगी.










