सोशल संवाद / जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम समेत कोल्हान के तीनों जिलों में 27 से 30 अक्तूबर तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना है। 28 अक्तूबर से तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एक नवंबर से मौसम में सुधार होने और आसमान साफ रहने के आसार हैं।
यह भी पढ़े : Railway Pension News: WhatsApp से करें पेंशन की शिकायत, 4 नवंबर अंतिम तारीख
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण झारखंड के मौसम में बदलाव की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 अक्तूबर से कोल्हान समेत दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कई इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है।
वहीं, 28 अक्तूबर से बारिश तेज हो सकती है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, एक नवंबर से कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने लगेगा। इसके बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के दौरान किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर सब्जी की खेती करने वाले किसानों को बारिश और तेज हवा से फसलों को होने वाले संभावित नुकसान को देखते हुए तैयारी करने का सुझाव दिया गया है।
शहर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में तापमान गिरने से हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, बारिश के बाद तापमान में करीब दो डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे ठंड का एहसास बढ़ेगा।










