सोशल संवाद/चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगी एक पोकलेन मशीन को अज्ञात अपराधियों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने रंगदारी वसूलने या भय पैदा करने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया होगा। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक लेवी या रंगदारी की पुष्टि नहीं हुई है।
शनिवार रात करीब 9 बजे की घटना
जानकारी के अनुसार, टेबो थाना क्षेत्र में टेबो से हलमद तक करीब 15 से 20 किलोमीटर सड़क निर्माण का काम कराया जा रहा है। पिछले कई महीनों से निर्माण कार्य बंद पड़ा था। बताया जाता है कि खूंटी के ठेकेदार ने गुरुवार को ही निर्माण स्थल पर पोकलेन मशीन मंगाई थी।
शनिवार रात करीब 9 बजे अज्ञात अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां खड़ी मशीन में आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल टेबो थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।
मशीन मालिक ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। खूंटी निवासी मशीन मालिक संतोष कक्षप ने अज्ञात लोगों के खिलाफ टेबो थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
लेवी वसूली की आशंका, लेकिन पुलिस ने नहीं की पुष्टि
इलाके में चर्चा है कि सड़क निर्माण कार्य को बाधित करने या रंगदारी वसूलने के इरादे से मशीन में आग लगाई गई हो सकती है। पहले नक्सली संगठनों द्वारा विकास कार्यों में लगी मशीनों को नुकसान पहुंचाने और लेवी वसूलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने साफ कहा है कि फिलहाल लेवी या रंगदारी की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
विकास कार्यों पर फिर मंडराने लगा खतरा
लंबे समय बाद क्षेत्र में सड़क निर्माण जैसे बुनियादी विकास कार्य शुरू होने की उम्मीद जगी थी। लेकिन मशीन जलाए जाने की घटना से ठेकेदारों और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल बन गया है। लोगों को आशंका है कि यदि अपराधियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो सड़क निर्माण कार्य फिर बाधित हो सकता है।
एसपी अमित रेणु ने कहा- जल्द होगी गिरफ्तारी
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि टेबो थाना क्षेत्र में पोकलेन मशीन में आग लगाए जाने की सूचना मिली है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक घटना के पीछे लेवी या रंगदारी का मामला सामने नहीं आया है।











