सोशल संवाद / डेस्क : एक महीने बाद भी दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए नहीं मिलने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी की याद दिलाई है। ‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने प्रश्न किया है कि भाजपा की ‘विपदा’ सरकार महिलाओं 2500 रुपए महीना देने का वादा कब पूरा करेगी? क्या वह 18 साल से अधिक उम्र की दिल्ली की 48 लाख से ज्यादा महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह देगी या फिर वह इतनी शर्तें लगा देगी कि एक फीसद महिलाओं को भी इसका फायदा नहीं मिलेगा? सरकार की कमिटी बने 12 दिन हो गए, अब तक उसने क्या फैसला लिया और महिलाओं को 2500 देने की योजना का रजिस्ट्रेशन कब से शुरू होगा। महिलाओं के खातों में कब से पैसे आएंगे या भाजपा की सरकार मोदी जी की गारंटी को जुमला साबित करने जा रही है?
आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि 20 मार्च को दिल्ली में भाजपा की सरकार ने शपथ ली थी। भाजपा की सरकार बने आज एक माह हो गए हैं। एक महीने बाद भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली की महिलाओं को किया गया वादा पूरा नहीं हुआ है। भाजपा और मोदी जी ने वादा था कि दिल्ली की महिलाओें के खाते में 2,500 रुपए की राशि आएगी, लेकिन यह वादा एक माह बाद भी पूरा नहीं हुआ है।
आतिशी ने कहा कि दिल्ली चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 2,500 रुपए की स्कीम पास होगी, लेकिन नहीं हुई। मोदी जी ने यह भी कहा था आठ मार्च को दिल्ली की हर महिला के खाते में ढाई हजार रुपए की राशि जमा हो जाएगी, लेकिन मोदी जी की यह गारंटी भी झूठी साबित हुई। आठ मार्च आकर चला भी गया, पैसा आना तो दूर की बात है, आठ मार्च को 2500 रुपए की स्कीम का रजिस्ट्रेशन तक शुरू नहीं हुआ। दिल्ली की महिलाओं को एक झुनझुना मिल गया। चार मंत्रियों की एक कमेटी बन गई, आगे वह कमेटी फैसला करेगीं। इस देश में हर व्यक्ति जानता है कि कमेटी बनाना किसी भी चीज को ठंडे बस्ते में डालने का तरीका होता है। वह कमेटी सालों तक उस मुद्दे को लेकर बैठी रहेगी।
ये भी पढ़े : राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ें : रेल मंत्री, अश्विनी वैष्णव
आतिशी ने दिल्ली की भाजपा सरकार से चार सवाल पूछा। उन्होंने पहला सवाल किया कि क्या दिल्ली की भाजपा सरकार 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला को 2,500 रुपए की सम्मान राशि देगी या इसमें इतनी शर्तें लगा देगी कि दिल्ली की एक फीसद महिलाओं को भी 2500 रुपए की योजना का फायदा नहीं होगा? यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि मोदी जी ने तो दिल्ली की सभी महिलाओं को वादा किया था कि उनके खाते में 2500 रुपए आएंगे। भाजपा बताए कि क्या वह 18 साल से अधिक उम्र की दिल्ली की 48 लाख से अधिक महिलाओं को 2500 रुपए देगी या नहीं देगी?
आतिशी ने दूसरा सवाल पूछते हुए कहा कि कमेटी बने 12 दिन हो गए हैं। भाजपा को दिन भर अरविंद केजरीवाल और “आप” को गाली देने का समय तो मिलता रहता है, लेकिन इन 12 दिनों में दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए देने के लिए कोई भी फैसला नहीं लिया। भाजपा बताए कि 12 दिनों से यह कमेटी क्या कर रही है और क्या फैसला लिया? मेरा तीसरा सवाल है कि ढाई हजार रुपए महीना देने की स्कीम का रजिस्ट्रेशन किस तारीख से शुरू होगा? चौथा सवाल यह है कि दिल्ली की सभी महिलाओं के खाते में 2,500 रुपए किस तारीख को आएंगे? आज दिल्ली की सभी महिलाएं इन चार सवालों के जवाब चाहती हैं। क्या भाजपा हर महिला को पैसे देगी या फिर से प्रधानमंत्री मोदी का वादा झूठा साबित होगा? अब दिल्ली की महिलाओं को लग रहा है कि मोदी जी ने उनको झूठ बोल दिया। मोदी जी ने उनसे झूठा वादा कर दिया और उन्होंने मोदी जी के इस झूठे वादे पर विश्वास करके गलती कर दी।
भाजपा दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए देने का वादा पूरा करे- आतिशी
एक सवाल के जवाब में आतिशी ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार के पास बस एक ही काम है, उन्हें सुबह से लेकर शाम तक अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को गाली देनी है। इसके लिए उनके पास बहुत समय है। उन्होंने पिछला विधानसभा सत्र इसी में निकाल दिया। भाजपा ने सत्र के दौरान सरकार का कोई भी विजन या कोई एक्शन प्लान नहीं रखा। दिल्ली के लोगों के सामने कोई टाइमलाइन नहीं रखी। सिर्फ और सिर्फ अरविंद केजरीवाल और “आप” को गाली देने का काम किया। हम बजट में यही चाहते हैं कि मोदी जी द्वारा हर महिला को हर महीने 2,500 रुपए देने के वादे को दिल्ली सरकार पूरा करे।
