सोशल संवाद / डेस्क : क्या देश में एक बार फिर नोटबंदी होने वाली है? क्या आने वाले समय में ₹500 और ₹2000 के नोट बंद हो सकते हैं? आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू के एक बयान ने इन सवालों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। उन्होंने देश में ₹500 और ₹2000 के बड़े नोटों को बंद करने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि बड़े मूल्य के नोटों का प्रचलन कम करने से भ्रष्टाचार और काले धन पर लगाम लगाने में मदद मिल सकती है।
यह भी पढे : एसआईआर : एएसडीडी सूची वालों को फिर नाम जुड़वाने का मौका
सिर्फ ₹100 और ₹200 के नोट चलाने का दिया सुझाव
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि देश में ₹500 और ₹2000 जैसे बड़े नोटों को प्रचलन से बाहर किया जाना चाहिए। उनकी राय है कि बाजार में केवल ₹100 और ₹200 के नोटों को ही बढ़ावा दिया जाए। इसके साथ ही डिजिटल करेंसी और ऑनलाइन लेन-देन को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बड़े नोटों के इस्तेमाल से नकद लेन-देन में पारदर्शिता की कमी रहती है। यदि बड़े मूल्य के नोटों को हटाकर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया जाए, तो भ्रष्टाचार के चक्र को तोड़ने में मदद मिल सकती है।
चुनाव में पैसे के इस्तेमाल पर भी उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने चुनाव के दौरान नकदी के इस्तेमाल का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि बड़े मूल्य के नोटों के कारण चुनाव में पैसों का वितरण आसान हो जाता है। इससे चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने हालिया स्थानीय निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव में धनबल के प्रभाव को कम करने के प्रयास किए गए हैं। उनके मुताबिक, चुनावी खर्च कम होने से राजनीति में जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी के सामने भी उठा चुके हैं मुद्दा
चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि वह पहले भी इस मुद्दे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने उठा चुके हैं। उन्होंने डिजिटल करेंसी से जुड़ी रिपोर्ट तैयार करने में अपने सुझाव देने की बात भी कही।
नायडू का कहना है कि तकनीक और डिजिटल भुगतान व्यवस्था का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और गरीबी उन्मूलन जैसे लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आगे भी इस प्रस्ताव को उठाते रहेंगे।
नोटबंदी के 10 साल बाद फिर चर्चा में बड़े नोट
गौरतलब है कि 8 नवंबर 2016 को केंद्र सरकार ने पुराने ₹500 और ₹1000 के नोटों को चलन से बाहर करने का ऐलान किया था। इस फैसले का उद्देश्य काले धन, नकली नोट और भ्रष्टाचार पर रोक लगाना था। बाद में नए ₹500 और ₹2000 के नोट जारी किए गए।
मई 2023 में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ₹2000 के नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी। हालांकि, ये नोट अभी भी वैध मुद्रा (Legal Tender) हैं।
क्या अभी ₹500 के नोट बंद होने वाले हैं?
फिलहाल चंद्रबाबू नायडू का बयान एक सुझाव और मांग है। केंद्र सरकार या भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से ₹500 के नोट बंद करने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। इसलिए आम लोगों को घबराने या अपने ₹500 के नोट बदलने की जरूरत नहीं है।











