सोशल संवाद/डेस्क: जमशेदपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के विरोध में जबरदस्त आक्रोश फूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें: हनुमान मंदिर बोलानी मे सत्य साई सेवा ग्रुप ने किया भजन कीर्तन का आयोजन
जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के नेतृत्व में जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस विरोध की शुरुआत साकची स्थित पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता शामिल हुए।
हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारी “बेटी को न्याय दो” और “दोषियों को फांसी दो” जैसे नारों के साथ डीसी ऑफिस पहुंचे। पूरे रास्ते लोगों का गुस्सा साफ नजर आया। इस प्रदर्शन में पूर्णिमा दास साहू और संजीव सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। धरना स्थल पर विधायक पूर्णिमा दास साहू बच्ची की घटना को याद कर भावुक हो गईं, जिससे माहौल और भी गंभीर हो गया।
विधायक ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा, जिसमें फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग शामिल है।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने साफ कहा कि जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है, और हर कोई इस दर्दनाक घटना पर न्याय की मांग कर रहा है।









