सोशल संवाद / सरायकेला: World Environment Day के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), सरायकेला-खरसावां द्वारा जिलेभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश देना था।
यह भी पढे : क्रिस गेल की कप्तानी वाली टीम में खेल रहे खरसावां के प्रिंस मोहम्मद अजहर, जिले का बढ़ाया मान

इस अवसर पर सिविल कोर्ट परिसर, सरायकेला में वन विभाग के सहयोग से विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए प्रेरित किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय बीरेश कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम बी.के. पांडेय, जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय दीपक मलिक, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लूसी सोसेन टिग्गा सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने और जैव विविधता संरक्षण में भी उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इस दौरान जिला बार एसोसिएशन परिसर में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की सामूहिक शपथ ली। साथ ही स्वच्छ, हरित और सतत विकास वाले भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज को हरियाली और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।









