सोशल संवाद/डेस्क: दक्षिण पूर्व रेलवे अपने कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को अब देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI – Xavier School of Management में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: 20 साल बाद भी रिहाई नहीं, फहीम खान केस में हाई कोर्ट सख्त, सरकार से जवाब तलब
इस पहल के तहत जोन के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा 23 मार्च को मल्टी डिसिप्लिनरी डिविजनल ट्रेनिंग सेंटर के उद्घाटन के साथ XLRI के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर करेंगे। इस समझौते का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग कर रेलवे के कार्यबल को अधिक पेशेवर और दक्ष बनाना है।
एमओयू के तहत रेलवे कर्मचारियों को लीडरशिप, टीम बिल्डिंग और तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें आधुनिक प्रबंधन तकनीकों की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर निर्णय ले सकें और कार्यक्षमता को बढ़ा सकें।
प्रशिक्षण में व्यवहार कौशल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिसमें यात्रियों के साथ संवाद, कस्टमर रिलेशन और सेवा गुणवत्ता सुधारने के तरीके सिखाए जाएंगे। इस कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों को XLRI से प्रमाणित सर्टिफिकेट भी मिलेगा, जो उनके करियर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सबसे खास बात यह है कि इन कोर्स का पूरा खर्च दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा उठाया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि सॉफ्ट स्किल मॉड्यूल के लिए 3 से 5 दिन और विस्तृत प्रबंधन कार्यक्रम के लिए 15 दिन से एक महीने तक होगी। यह प्रशिक्षण मल्टी डिसिप्लिनरी डिविजनल ट्रेनिंग सेंटर और XLRI दोनों स्थानों पर आयोजित किया जा सकता है। इस पहल से रेलवे कर्मचारियों की दक्षता में सुधार के साथ यात्रियों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में भी बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।









