सोशल संवाद / डेस्क : डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक-2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। भारत की महिला तैराक धिनिधि देसिंघू ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। वहीं, जूडो खिलाड़ी खुशबू डारजाडा ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। इन दोनों उपलब्धियों के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने तैराकी और जूडो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
यह भी पढ़े : गौतम गंभीर का बड़ा बयान, बोले- मेरी डिक्शनरी में डर नाम का कोई शब्द नहीं
धिनिधि देसिंघू ने तैराकी में रचा इतिहास
धिनिधि देसिंघू ने 100 मीटर तैराकी स्पर्धा में 56.27 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया और ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस उपलब्धि के साथ वह यूथ ओलंपिक में पदक जीतने वाली भारत की पहली तैराक बन गई हैं। इस स्पर्धा में न्यूजीलैंड की एलिसा लॉसन ने 56.13 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि क्रोएशिया की एना बोबानोविक 55.89 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
खुशबू डारजाडा ने जूडो में जीता सिल्वर
भारत की जूडो खिलाड़ी खुशबू डारजाडा ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। फाइनल मुकाबले में उनका सामना जर्मनी की जोलिना रेनहोल्ड से हुआ। जर्मन खिलाड़ी ने मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि खुशबू को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ खुशबू यूथ ओलंपिक में जूडो का सिल्वर मेडल जीतने वाली भारत की दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं।
थांगजाम तबाबी देवी के बाद खुशबू ने दोहराई उपलब्धि
खुशबू से पहले साल 2018 में थांगजाम तबाबी देवी ने यूथ ओलंपिक में महिलाओं की 44 किलोग्राम भारवर्ग जूडो स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था। अब खुशबू ने भी इस सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
धिनिधि देसिंघू का तैराकी में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज और खुशबू डारजाडा का जूडो में सिल्वर भारतीय खेलों के लिए खास उपलब्धियां हैं।











